बाइक के लिए घोंट दिया नवविवाहिता का गला, पहली पत्नी की भी हुई थी खौफनाक मौत
गोपालगंज जिले के जगतौली ओपी थाना इलाके क़े विश्रामपुर गांव में दहेज की बलि चढ़ी एक नवविवाहिता का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

गोपालगंज जिले के जगतौली ओपी थाना इलाके क़े विश्रामपुर गांव में दहेज की बलि चढ़ी एक नवविवाहिता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ससुराल वालों पर आरोप है कि दहेज में बुलेट बाइक की मांग पूरी न होने पर उन्होंने 24 वर्षीय विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान उमेश यादव की पत्नी प्रतिमा कुमारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, विश्रामपुर गांव निवासी राजेंद्र यादव के पुत्र उमेश यादव की शादी बीती पांच मई 2026 को उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र स्थित भटवलिया गोसाई टोला निवासी रमाशंकर यादव की पुत्री प्रतिमा कुमारी के साथ हुई थी। परिजनों व ग्रामीणों के मुताबिक उमेश की यह दूसरी शादी थी। महज एक साल पूर्व उसकी पहली पत्नी की भी संदिग्ध परिस्थितियों में आग की लपटों से जलकर मौत हो चुकी है। पहली पत्नी की मौत के बाद उसने प्रतिमा से दूसरी शादी रचाई थी।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके वालों में कोहराम मच गया। मृतका के भाई उपेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग बुलेट बाइक और अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रतिमा को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। भाई ने पति उमेश यादव, सास और ननद पर एकराय होकर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के गले पर काले निशान पाए गए हैं, जिससे दम घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका गहरा गई है।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीक निरीक्षण कर उस जगह से नमूने एकत्र किए जहां शव पड़ा था, साथ ही गले पर मौजूद निशानों का भी वैज्ञानिक आकलन किया। वही इस मामले में ओपी थानाध्यक्ष आलोक कुमार का कहना है कि घटना सही है। आरोपी पति और उसकी मां को हिरासत में लिया गया है। पुलिस हिरासत में ले लिए गए पति से पूछताछ कर रही है। परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है तथा सास व ननद की भूमिका की भी जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट










