नहीं रहे जेपी सेनानी पृथ्वीनाथ तिवारी, पंचतत्व में हुए विलीन, क्षेत्र में शोक की लहर
गोपालगंज: लोकनायक जयप्रकाश नारायण के निकटतम सहयोगी, पूर्व पत्रकार एवं प्रखर समाजवादी विचारधारा के वाहक जेपी सेनानी पृथ्वीनाथ तिवारी का लंबी बीमारी के बाद बुधवार की शाम 95 वर्ष की अवस्था में निधन हो गया।

हथुआ /गोपालगंज: लोकनायक जयप्रकाश नारायण के निकटतम सहयोगी, पूर्व पत्रकार एवं प्रखर समाजवादी विचारधारा के वाहक जेपी सेनानी पृथ्वीनाथ तिवारी का लंबी बीमारी के बाद बुधवार की शाम 95 वर्ष की अवस्था में निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वे हथुआ प्रखंड के बड़का गांव के निवासी थे। गुरुवार की दोपहर गांव स्थित श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां वे पंचतत्व में विलीन हो गए।
उनकी अंतिम यात्रा में आम से लेकर खास तक बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। स्वर्गीय तिवारी का जीवन संघर्ष, त्याग और सामाजिक प्रतिबद्धता की मिसाल रहा। उन्होंने अपनी पत्रकारिता की शुरुआत नवभारत टाइम्स से की थी। वर्ष 1974 के ऐतिहासिक छात्र आंदोलन में उन्होंने अग्रणी भूमिका निभाई। इससे पूर्व वे डॉ. राममनोहर लोहिया एवं जननायक कर्पूरी ठाकुर के साथ मिलकर समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने में सक्रिय रहे। उनके योगदान को देखते हुए बिहार सरकार ने उन्हें जेपी सेनानी पेंशन के लिए चयनित किया था।
उनके निधन पर पर्यावरण मित्र डॉ. सत्य प्रकाश ने पौधा अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी। हथुआ के पूर्व विधायक राजेश सिंह कुशवाहा ने भी पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके पुत्रों राजेश तिवारी, अवधेश तिवारी एवं ओमप्रकाश तिवारी सहित शोकाकुल परिजनों से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त की।
उनके निधन पर डॉ. सीपी सिंह, डॉ राम विष्णु प्रसाद, विंदेश्वरी ठाकुर, नागेंद्र तिवारी, अली मियां, ज्ञान प्रकाश, जयप्रकाश नारायण, डॉ. राकेश रंजन, नीपू पांडेय, प्रेम प्रकाश, संजय पांडेय, रिंकू सहित अनेक गणमान्य लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। पृथ्वीनाथ तिवारी का संघर्षशील जीवन और समाज के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
हथुआ /गोपालगंज से अरविंद सिंह की रिपोर्ट













