मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह को बड़ी राहत मिली है। आर्म्स एक्ट मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट ने उनकी तत्काल गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। गोपालगंज में जेडीयू विधायक अनंत सिंह के समर्थकों द्वारा खुलेआम हथियार लहराने और महिला नर्तकियों के अश्लील डांस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मामले में गोपालगंज के मीरगंज थाने में केस दर्ज किया गया था। मामले की अगली सुनवाई अब 30 मई को होगी। ऐसे में फिलहाल बाहुबली विधायक अनंत सिंह को बड़ी राहत मिली है और कोर्ट ने उनकी तत्काल गिरफ्तारी लगा दी है।
दरअसल गोपालगंज के सेमरांव गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह का मुजरा सुनते हुए और उनके समर्थकों द्वारा हथियारों के प्रदर्शन का वीडियो वायरल हुआ था। जिसके बाद एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर मीरगंज थाने में विधायक अनंत सिंह, भोजपुरी स्टार गुंजन सिंह, आयोजक गुड्डू राय समेत 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों ने खुलेआम आधुनिक और प्रतिबंधित हथियारों का प्रदर्शन किया। इसके अलावा बार बालाओं के डांस के दौरान अश्लीलता फैलाने का भी आरोप लगाया गया है।
सुनवाई के दौरान अनंत सिंह के वकील ने कोर्ट को बताया कि वायरल वीडियो संदिग्ध है और वह एआई से बनाया हुआ लग रहा है. उन्होंने कहा कि वीडियो में अनंत सिंह के हाथ में कोई हथियार भी नजर नहीं आ रहा है। वकील के मुताबिक कोर्ट ने इन्हीं तथ्यों को देखते हुए फिलहाल गिरफ्तारी पर रोक लगाई है। अब इस मामले में अगली सुनवाई 30 मई को होगी।
इस पूरे प्रकरण में विधायक पक्ष की ओर से दलील दी गई कि वायरल वीडियो पूरी तरह संदिग्ध है और उसे एडिट किया गया हो सकता है। कोर्ट में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायालय ने फिलहाल अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर रोक लगाने का आदेश दिया। कोर्ट ने कहा कि अगली सुनवाई तक पुलिस उनके खिलाफ कोई कठोर कार्रवाई नहीं करेगी। हालांकि इस मामले में नामजद अन्य आठ आरोपियों को कोर्ट से राहत नहीं मिली है और उनकी गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी रह सकती है। अब इस मामले में अगली सुनवाई 30 मई को होगी।