हाई स्कूल कैंपस में चाकू लेकर पहुंचा लफंगा, डर से भागे शिक्षक, फिर पुलिस ने रंगे-हाथ धर दबोचा
भोरे (गोपालगंज): स्थानीय गांधी स्मारक हाई स्कूल कैंपस में गुरुवार को छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार और गुंडागर्दी कर रहे एक युवक को पुलिस ने रंगे हाथ धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक चाकू भी बरामद हुआ है।

भोरे (गोपालगंज): स्थानीय गांधी स्मारक हाई स्कूल कैंपस में गुरुवार को छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार और गुंडागर्दी कर रहे एक युवक को पुलिस ने रंगे हाथ धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक चाकू भी बरामद हुआ है। पकड़ा गया आरोपी बगही रोड का रहने वाला मद्धेशिया बताया जा रहा है, जबकि उसका एक अन्य साथी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
मिली जानकारी के अनुसार, दो अज्ञात युवक एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर हाई स्कूल कैंपस के अंदर घुस आए और वहां मौजूद छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार करने लगे। युवकों की इस हरकत को देखकर स्कूल के शिक्षकों ने साहस दिखाया और भारी मशक्कत के बाद एक युवक को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि दूसरा बाइक से फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्य मंदाकिनी राय ने तत्काल भोरे थाना पुलिस को सूचना दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया।
मामले पर भोरे थाना अध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि विद्या के मंदिर में गुंडागर्दी, लफंगई और छात्राओं से अभद्र व्यवहार करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों की सही जगह जेल है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और गिरफ्तार युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट











