गोरेयाकोठी में अतिक्रमण हटाने के दौरान बवाल, थाने में तोड़फोड़ के बाद गोपालगंज में भी पुलिस की छापेमारी
सीवान के गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र में प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय यूट्यूबर्स व पत्रकारों के बीच शुरू हुआ विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस गोपालगंज समेत आसपास के कई इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही है।

गोपालगंज: सीवान जिले के गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र में प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय यूट्यूबर्स व पत्रकारों के बीच शुरू हुआ विवाद अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस गोपालगंज समेत आसपास के कई इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं दूसरी ओर, घटना को लेकर राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है और बीजेपी ने पूरे घटनाक्रम की सत्यता सामने लाने के लिए गोरेयाकोठी थाने की सीसीटीवी (CCTV) फुटेज की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, दीपावली के अवसर पर गोरेयाकोठी बाजार में सड़क पर लगी अस्थायी दुकानों और अतिक्रमण को हटाने प्रशासनिक टीम पहुंची थी। इस दौरान गोरेयाकोठी के बीडीओ डॉ. अभय कुमार और सीओ अतुल कुमार सिंह के साथ स्थानीय युवकों तथा यूट्यूबर अभिषेक कुमार यादव और कृष्ण प्रताप सिंह के बीच तीखी नोकझोंक हो गई।
प्रशासन का आरोप है कि इस दौरान सरकारी काम में बाधा पहुंचाई गई। धक्का-मुक्की और झड़प में बीडीओ का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि सीओ को भी चोटें आईं। घटना के बाद बीडीओ के आवेदन के आधार पर संबंधित यूट्यूबर्स और अन्य लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई।
यूट्यूबर पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
दूसरी तरफ, गिरफ्तार यूट्यूबर्स के परिजनों और समर्थकों ने पुलिस एवं प्रशासन के दावों को खारिज किया है। उनका कहना है कि वे केवल दुकानदारों से जुड़े प्रशासनिक नोटिस के संबंध में सवाल पूछ रहे थे। उनका आरोप है कि वीडियो बनाने और निष्पक्ष सवाल उठाने के कारण थानाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह ने व्यक्तिगत खुन्नस में आकर उनके साथ मारपीट की और झूठे मुकदमे में फंसा दिया।
थाने पर हंगामा और पुलिस की छापेमारी
गिरफ्तारी की खबर फैलते ही रात में करीब 100 से 150 लोगों की भीड़ ने गोरेयाकोठी थाने का घेराव कर दिया। पुलिस के अनुसार, उग्र भीड़ ने थाने परिसर में तोड़फोड़ की और हाजत से आरोपियों को छुड़ाने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जितेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया और दीपक कुमार कश्यप समेत कई अन्य लोगों पर भी नामजद प्राथमिकी दर्ज की। मामले में संलिप्त अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम गोपालगंज और आसपास के जिलों में लगातार छापेमारी कर रही है।
बीजेपी ने उठाई CCTV फुटेज जांच की मांग
इस पूरे घटनाक्रम के बाद राजनीतिक सरगर्मी काफी बढ़ गई है। पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने गोरेयाकोठी थाने के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज से यह साफ हो जाएगा कि थाने में वास्तव में क्या हुआ था और किसके दावों में कितनी सच्चाई है.फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट













