गोपालगंज में नाच प्रोग्राम के दौरान लौंडा डांसर को पेट में मारी गोली, मौत, इलाके में हड़कंप

बिहार के गोपालगंज जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां कटेया थाना क्षेत्र के पटोहवा गांव में एक शादी समारोह के दौरान बेखौफ बदमाशों ने एक 'लौंडा डांसर' की पेट में गोली मारकर हत्या कर दी।

गोपालगंज में नाच प्रोग्राम के दौरान लौंडा डांसर को पेट में मारी गोली, मौत, इलाके में हड़कंप
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
: Jun 19, 2026, 10:38:00 AM

बिहार के गोपालगंज जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां कटेया थाना क्षेत्र के पटोहवा गांव में एक शादी समारोह के दौरान बेखौफ बदमाशों ने एक 'लौंडा डांसर' की पेट में गोली मारकर हत्या कर दी। घटना उस वक्त हुई जब डांसर ने बदमाशों द्वारा जबरन सुनसान जगह पर ले जाने का विरोध किया। 

गंभीर रूप से घायल डांसर को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।इस वारदात के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटेया थाना क्षेत्र के जमुनाहा के पास स्थित पटोहवा गांव निवासी महेंद्र कुशवाहा के घर बेटी की शादी थी। शादी में उत्तर प्रदेश से बारात आई थी। बारातियों और मेहमानों के मनोरंजन के लिए रामायण यादव की 'नाच ड्रामा पार्टी' का आयोजन किया गया था। इस पार्टी में यूपी के देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र का रहने वाला 32 वर्षीय सोनू गोंड बतौर डांसर परफॉर्म कर रहा था।

विरोध करने पर बदमाशों ने दागी गोली

ड्रामा पार्टी के संचालक रामायण यादव के मुताबिक, सोनू पिछले दो-तीन प्रोग्राम देकर स्टेज के पास बने राउटी में आकर बैठा था। इसी दौरान कार्यक्रम देख रहे कुछ मनचले और बेखौफ बदमाशों की नजर उस पर पड़ी। बदमाश बुरी नीयत से सोनू को जबरन खींचकर किसी सुनसान जगह पर ले जाने का प्रयास करने लगे। जब सोनू ने बदमाशों की इस हरकत का कड़ा विरोध किया और खुद को उनके चंगुल से छुड़ाने की कोशिश की, तो बौखलाए बदमाशों ने पिस्तौल निकाल ली और सीधे उसके पेट में गोली दाग दी। गोली की आवाज सुनते ही कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ मच गई।

परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था सोनू

सोनू पिछले सात साल से अलग-अलग नाच पार्टियों में डांसर के रूप में काम कर अपनी आजीविका चला रहा था। माता-पिता की मौत के बाद वह अपने घर का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसकी मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे तीन मासूम बच्चों और एक छोटे भाई को छोड़ गया है, जिनकी परवरिश की पूरी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। इस खौफनाक वारदात के बाद से स्थानीय कलाकारों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही कटेया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपियों की पहचान करने के लिए चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।