गोपालगंज में भीषण सड़क हादसा, बिहार पुलिस की तैयारी कर रही छात्रा की मौत
बिहार के गोपालगंज जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां मीरगंज थाना क्षेत्र के साहेबाचक काली मंदिर के पास एक अनियंत्रित यात्री बस की चपेट में आने से एक छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई।

गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां मीरगंज थाना क्षेत्र के साहेबाचक काली मंदिर के पास एक अनियंत्रित यात्री बस की चपेट में आने से एक छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान उचकागांव थाना क्षेत्र के लाइन बाजार गांव निवासी भोला सिंह की पुत्री खुशबू कुमारी के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, खुशबू कुमारी बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के शारीरिक दक्षता (फिजिकल) टेस्ट की तैयारी कर रही थी। रोज की तरह वह शुक्रवार की सुबह भी अपनी स्कूटी से सबेया फील्ड में अभ्यास करने जा रही थी। इसी दौरान साहेबाचक काली मंदिर के समीप कुचायकोट से बनारस की ओर जा रही एक तेज रफ्तार यात्री बस ने उसकी स्कूटी में जोरदार ठोकर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि खुशबू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त यात्री बस को जब्त कर लिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट










