गोपालगंज में 1.5 करोड़ क़े अवैध मादक पदार्थ पर चला बुलडोजर
बिहार के गोपालगंज जिले में अवैध मादक पदार्थों और नशीले कारोबार के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई की है। जब्त किए गए 1,085 किलोग्राम से अधिक अवैध मादक पदार्थों को नियमानुसार विनष्ट कर दिया गया है.

बिहार के गोपालगंज जिले में अवैध मादक पदार्थों और नशीले कारोबार के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, जिले के विभिन्न थानों में दर्ज कुल 20 कांडों में जब्त किए गए 1,085 किलोग्राम से अधिक अवैध मादक पदार्थों को नियमानुसार विनष्ट कर दिया गया है. जिसका बाजार में अनुमानित मूल्य 1.5 करोड़ रूपया आंकी जा रही है. इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है, वहीं पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दो चरणों में हुई विनष्टीकरण की प्रक्रिया
गोपालगंज पुलिस द्वारा जप्तशुदा मादक पदार्थों को नष्ट करने के लिए दो अलग-अलग तिथियों में अभियान चलाया गया:प्रथम चरण 19 अगस्त 2026): इस दिन कुल 06 मामलों में जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। इसमें 344.430 किलोग्राम गांजा और 72.075 किलोग्राम चरस शामिल थी. इस प्रकार कुल 416.505 किलोग्राम मादक पदार्थ विनष्ट किए गए.
द्वितीय चरण 14 अक्टूबर 2026:
इस चरण के तहत 14 मामलों में कार्रवाई करते हुए 659.511 किलोग्राम गांजा, 8.78 किलोग्राम चरस और 0.70 ग्राम स्मैक यानी कुल 668.991 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों को नष्ट किया गया.
उक्त दोनों तिथियों को मिलाकर कुल 20 कांडों में जब्त गांजा, चरस और स्मैक मिलाकर कुल 1,085.495 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों का विधिवत विनष्टीकरण किया गया है।
युवाओं को नशे से बचाने के लिए निरंतर जारी रहेगी कार्रवाई
गोपालगंज पुलिस का मुख्य उद्देश्य जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और इसके अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाना है, ताकि देश के भविष्य यानी युवाओं को नशे के घातक दुष्प्रभावों से बचाया जा सके। पुलिस प्रशासन ने दोहराया है कि अवैध कारोबार में संलिप्त अपराधियों और तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
आमजन से गोपालगंज पुलिस की अपील
गोपालगंज पुलिस ने जिले के नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि आपके आसपास अवैध मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री से जुड़ी कोई भी सूचना हो, तो इसकी जानकारी तुरंत अपने नजदीकी थाने या गोपालगंज पुलिस हेल्पलाइन नंबर - 9031827299 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट













