29 साल पुराने हत्याकांड में अदालत का बड़ा फैसला, सभी आरोपी दोषी करार
राज्य के गोपालगंज जिले से अहम खबर है। यहां 29 साल पहले हुए चर्चित हत्याकांड में अदालत ने अपना फैसला सुना दिया है। इस मामले में सभी आरोपियों को दोषी करार दिया गया है।

राज्य के गोपालगंज जिले से अहम खबर है। यहां 29 साल पहले हुए चर्चित हत्याकांड में अदालत ने अपना फैसला सुना दिया है। इस मामले में सभी आरोपियों को दोषी करार दिया गया है। अब अगले सप्ताह कोर्ट सजा के बिंदु पर अपना फैसला सुनाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोपालगंज जिले के भोरे में 29 वर्ष पूर्व हुए चर्चित जयप्रकाश मिश्रा हत्याकांड में अदालत ने मंगलवार को अपना फैसला सुनाया। इस मामले में कोर्ट ने सभी आरोपियों को दोषी करार दिया। एडीजे-1 संजीव कुमार की अदालत ने मामले की सुनवाई पूरी करने के बाद छह अभियुक्तों को दोषी ठहराया है। कोर्ट अब अगले सप्ताह सजा की बिंदु पर अपना फैसला सुनाएगी।
बता दें कि यह घटना 13 दिसंबर 1996 को भोरे थाना क्षेत्र के बेलवा मिश्र गांव में घटी थी। महज एक भूमि विवाद को लेकर गांव के ही दबंगों ने जयप्रकाश मिश्रा की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। जमीन के टुकड़े के लिए खून की होली खेली गई थी, जिससे पूरा इलाका दहल उठा था। मामले की जानकारी देते हुए अधिवक्ता अवधेश मिश्रा ने बताया कि अदालत ने जिन आरोपियों को दोषी करार दिया है, वे सभी आरोपी मृतक के गांव बेलवा मिश्र के ही रहने वाले हैं। दोषियों में बेलाव मिश्र गांव निवासी.बच्चा मिश्र क़े पुत्र जगत मिश्रा, रामायण मिश्रा क़े पुत्र अरविंद मिश्रा, संजय मिश्रा, प्रमोद मिश्रा, नृसिंह मिसिर और हरेंद्र मिश्रा शामिल हैं।
वही 29 वर्षों के लंबे इंतजार और कानूनी प्रक्रिया के बाद आए इस फैसले से पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद जगी है। अदालत द्वारा अभियुक्तों को दोषी ठहराए जाने के बाद अब पूरे क्षेत्र की निगाहें अगले सप्ताह आने वाले सजा के फैसले पर टिकी हैं।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट











