भोरे में नाबालिग से छेड़खानी का मामला, वीडियो बनाने पर परिजनों को धमकी देने का आरोप, नामजद आरोपी गिरफ्तार
गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग बच्ची के साथ छेड़खानी का गंभीर मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी मुन्ना सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

भोरे/गोपालगंज: गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग बच्ची के साथ छेड़खानी का गंभीर मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी मुन्ना सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के दौरान परिवार की एक महिला सदस्य द्वारा मोबाइल से वीडियो बनाए जाने और विरोध करने पर परिजनों को धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। पुलिस ने पीड़िता की मां की लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
घर में अकेली थी बच्ची, तभी हुई कथित घटना
पीड़िता की मां द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, घटना 18 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे की है। उस समय बच्ची की मां किसी आवश्यक काम से घर से बाहर गई हुई थी। बच्ची घर में अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान मुन्ना सिंह जबरन घर में घुस गया और बच्ची के साथ अश्लील हरकत करते हुए छेड़खानी करने लगा।
इसी बीच परिवार की एक अन्य महिला सदस्य की नजर कथित घटना पर पड़ गई। उसने तत्काल अपने मोबाइल फोन से आरोपी का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इस घटनाक्रम के बाद मामला सामने आया और परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया।
विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, जब बच्ची की मां घर लौटी और घटना को लेकर विरोध जताया, तो आरोपी कथित तौर पर आक्रोशित हो गया। आरोप है कि उसने पीड़िता के परिजनों को जान से मारने की धमकी दी। साथ ही, मामले को रफा-दफा करने के लिए पैसे लेने का दबाव भी बनाया।
घटना के बाद पीड़िता की मां ने भोरे थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित आवेदन दिया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण इसकी गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की।
पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए नामजद आरोपी मुन्ना सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
भोरे/गोपालगंज/ से कुमार मंजेश की रिपोर्ट













