परिवार पर भारी पडा विवाद, पत्नी समेत बच्चों को नहर में फेंका, मौत
राज्य के पश्चिम चंपारण से मानवता को शर्मसार कर देने वाली खबर है। यहां परिवार में होने वाला विवाद एक परिवार पर भारी पड गया। यहां एक व्यक्ति के ऊपर परिवार में हुए विवाद के बाद अपनी पत्नी और तीन बच्चों को उफनती नहर में फेंकने का आरोप लगा है। घटना में तीनों बच्चों की मरने की खबर है। जबकि पत्नी की जान बच गयी। अब पुलिस पूरे मामले की पडताल में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार जिले के कुमारबाग थाना क्षेत्र के भंगहा गांव निवासी रामबाबू यादव पर अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों को नहर में फेंकने का आरोप लगा है। प्राप्त खबर के अनुसार भंगहा गांव निवासी लोरिक यादव के पुत्र रामबाबू यादव का सोमवार की रात अपनी पत्नी ललिता देवी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जाता है कि मंगलवार की अहले सुबह करीब तीन बजे रामबाबू पत्नी और तीनों बच्चों को बाइक पर बैठाकर घर से निकला। रामबाबू ने अपनी पत्नी को उसे मायके पहुंचाने का झांसा दिया था। बताया जा रहा है कि लोहियारिया चौक से आगे छवरहिया गांव के समीप बरोहिया नहर के पास पहुंचने पर रामबाबू ने पहले पत्नी को नहर में धक्का दे दिया और फिर एक-एक कर तीनों मासूम बच्चों को भी बहती नहर में फेंक दिया। अपने ही पति का शिकार बनी ललिता देवी उफनती नहर से किसी तरह बचकर बाहर निकली और अपने मायके पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
वहीं मंगलवार की सुबह नहर में एक बच्ची का शव देख ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पहचान नहीं होने के कारण पुलिस ने शव को अज्ञात मानते हुए पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया। इसी बीच दोपहर बाद नहर से दो अन्य बच्चों के शव भी बरामद होने से हड़कंप मच गया। बताया जाता है कि दो शव ग्रामीणों की मदद से निकाले गए, जबकि एक शव पुलिस ने बरामद किया। इसके बाद तीनों मृत बच्चों की पहचान रामबाबू यादव के पुत्र-पुत्रियों के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में भी खलबली मच गई। अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। परिजनों तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।
बगहा से परवेज आलम की रिपोर्ट