सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, लिखित परीक्षा के बाद अब 17 अक्टूबर को मौखिक परीक्षा, ट्रॉफी-प्रोत्साहन राशि से किया जाएगा सम्मानित
आरा: दशहरा के अवसर पर विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने और उनमें सामान्य ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से कोईलवर के आजाद कला मंदिर की ओर से सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया.

आरा: दशहरा के अवसर पर विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने और उनमें सामान्य ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से कोईलवर के आजाद कला मंदिर की ओर से सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इसके तहत रविवार को प्रथम चरण में लिखित परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों के ज्ञान, बौद्धिक क्षमता और प्रतिभा का आकलन किया गया.
सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के संचालक और संस्था के सदस्य राजेश ने बताया कि लिखित परीक्षा में सफल होने वाले प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के अगले चरण में शामिल होने का अवसर मिलेगा. सफल प्रतिभागियों को 17 अक्टूबर को आयोजित होने वाली मौखिक परीक्षा के लिए आमंत्रित किया जाएगा. मौखिक परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को पुरस्कार, ट्रॉफी, प्रमाण पत्र और प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा.
इस बाबत बात करते हुए संस्था के अध्यक्ष रमेश राम ने कहा कि आजाद कला मंदिर की ओर से दुर्गापूजा के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है. यह संस्था के लिए हर्ष की बात है. उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों में ज्ञान अर्जित करने की रुचि बढ़ती है और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का भी बेहतर अवसर मिलता है. उन्होंने घोषणा की कि संस्था की ओर से प्रत्येक वर्ष दशहरा के अवसर पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके.
वहीं, संस्था के सचिव प्रशांत मिश्रा ने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है. आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में पाठ्यक्रम की पढ़ाई के साथ सामान्य ज्ञान का होना भी आवश्यक है. ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपनी क्षमताओं को पहचानने का अवसर मिलता है.
उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का प्रयास करेगी. आजाद कला मंदिर की इस पहल को विद्यार्थियों में शैक्षणिक जागरूकता बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है.
आरा/कोईलवर से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट













