बिहार में मौसम का कहर, ठनका और आंधी-पानी से 23 लोगों की मौत, CM सम्राट ने मुआवजे का किया ऐलान

बिहार में मौसम का कहर देखने को मिला है। सोमवार शाम पटना सहित पूरे बिहार में तेज आंधी और बारिश ने कई जिलों में तबाही मचाई है। 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज आंधी-पानी और ठनका से कुल 23 लोगों की मौत हो गई।

बिहार में मौसम का कहर, ठनका और आंधी-पानी से 23 लोगों की मौत, CM सम्राट ने मुआवजे का किया ऐलान
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
: May 05, 2026, 10:56:00 AM

बिहार में मौसम का कहर देखने को मिला है। सोमवार शाम पटना सहित पूरे बिहार में तेज आंधी और बारिश ने कई जिलों में तबाही मचाई है।  60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज आंधी-पानी और ठनका से कुल 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि डेढ़ दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस घटना पर दुख जताया है और मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है।  

दरअसल सोमवार शाम पटना सहित पूरे बिहार में तेज आंधी और बारिश ने कई लोगों की जान ले ली है। ठनका और आंधी-पानी से 23 लोगों की मौत हुई है। 18 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जबकि कई की हालत गंभीर है।  जिनमें वज्रपात से 8 बच्चों समेत 18 लोगों की जान गई, जबकि कई लोग दीवार या पेड़ गिरने से दबकर मारे गए। पटना सहित 10 जिलों में भारी नुकसान देखने को मिला है। कई जगह पेड़ गिरने से यातायात बाधित हुआ और फूस व कच्चे घरों को भारी क्षति पहुंची।

इस घटना पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। साथ ही सीएम ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख की सहायता देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में वे प्रभावित परिवारों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रूपये अनुग्रह अनुदान देने के निर्देश दिये हैं। सीएम सम्राट ने लोगों से अपील की है कि सभी लोग खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतें। खराब मौसम होने पर वज्रपात से बचाव के लिये आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी किये गये सुझावों का अनुपालन करें। खराब मौसम में घरों में रहें और सुरक्षित रहें।

बता दें कि बिहार में आज भी आंधी-बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने पूरे बिहार में भीषण वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। गोपालगंज और सिवान में ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है। अगले 48 से 72 घंटे को बेहद संवेदनशील बताया गया है। मंगलवार को 18 जिलों सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका, जमुई, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, बक्सर, भोजपुर और अरवल में भारी बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पटना समेत 10 जिलों में रेड अलर्ट लागू है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 7 मई तक आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट संभव है। 8 मई के बाद मौसम साफ होने की उम्मीद जताई गई है। ऐसे में फ़िलहाल अगले कुछ दिन लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।