'शातिरपन और चालाकी का शर्मनाक प्रदर्शन' समस्तीपुर में लड़की से छेड़खानी पर सांसद शांभवी चौधरी पर बरसे तेजस्वी यादव

समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाईपास रोड पर बीच सड़क पर एक लड़की से बदसलूकी का मामला सामने आया है। इस मामले पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सीएम सम्राट चौधरी और सांसद शांभवी चौधरी पर जमकर हमला बोला है।

समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाईपास रोड पर बीच सड़क पर एक लड़की से बदसलूकी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि लड़की अपने साथी के साथ बाईपास रोड से गुजर रही थी और सड़क किनारे रुककर फोटो ले रही थी। इसी दौरान 3 से 4 युवकों ने उसे घेर लिया और अभद्र व्यवहार किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई का आदेश दिया। आदेश मिलते ही कर्पूरीग्राम थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 युवकों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। अब इस मामले पर सियासत भी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने महिला-बालिका सुरक्षा को लेकर सीएम सम्राट चौधरी और सांसद शांभवी चौधरी पर जमकर हमला बोला है।  

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है-ये हैं लोजपा से समस्तीपुर की महिला और कथित युवा सांसद शांभवी चौधरी, जिसने अपने लोकसभा क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की से हुए यौन शोषण में शातिरपन और चालाकी का शर्मनाक प्रदर्शन करते हुए अपने फेसबुक पेज पर बिहार पुलिस द्वारा अभियुक्तों के नाम सहित जारी प्रेस रिलीज में से अपनी सहूलियत व सुविधानुसार आरोपियों के नाम काट कर (Crop कर) पोस्ट किया है।

महिला सांसद ने ऐसा जानबुझकर किया है ताकि आरोपियों के नाम और जाति का दूसरों को पता ना लग सके। अभियुक्तों की जाति इनके और इनकी पार्टी प्रमुख चिराग पासवान के राजनीतिक हित साधने में कोई बाधा उत्पन्न ना करे इसलिए सांसद ने दरिंदे गुंडों से सहानुभूति एवं अपमानपन जताते हुए नाम काट दिए।

तेजस्वी यादव आगे लिखते हैं-जाहिर है एक महिला सांसद पीड़ित नाबालिग लड़की का पक्ष ना लेकर अप्रत्यक्ष रूप से बदमाशों को बचा रही है। अब ऐसे में आप क्या कहेंगे? ये सरकार और उसके कर्ता-धर्ता ऐसे बलात्कार और अपराध रोकेंगे?? आश्चर्य और बड़ी बात नहीं सांसद शांभवी चौधरी को आरोपियों की पहचान सार्वजनिक नहीं करने के इस ऐतिहासिक व महान कार्य के लिए प्रदेश में मंत्री उनके पिता श्री अशोक चौधरी तथा केंद्र में मंत्री उनके पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री चिराग़ पासवान एक सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित कर सम्मानित करें।

समस्तीपुर कांड के चारों आरोपियों के नाम:-

1. राहुल पासवान 2. अवधेश पासवान 3. रामबाबू साहनी  4. विकास शर्मा

इससे पहले तेजस्वी यादव ने सम्राट सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि समस्तीपुर में नाबालिग लड़की के साथ सरेआम युवकों द्वारा छेड़खानी प्रत्यक्ष प्रमाण है कि बीजेपी शासित बिहार में कानून व्यवस्था का जनाजा निकल चुका है। अब निर्लज्ज मंत्री इसे भी छिटपुट घटना बताकर पल्ला झाड़ लेंगे।

जब प्रदेश का मुख्यमंत्री आपराधिक प्रवृति का हो, जो जाति देखकर अपराधियों को सम्मानित करता हो उस प्रदेश में ऐसी अराजक स्थिति उत्पन्न होना लाजिमी है। अब जाति विशेषज्ञ मुख्यमंत्री अपराधियों की जाति देखकर ही कारवाई करेंगे या मामले को दबायेंगे। फिर केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी इसमें अपनी रिश्तेदारी निकालेंगे। शर्मनाक!