INDIA ब्लॉक की बैठक में 19 दल हुए शामिल, केजरीवाल व स्टालिन की पार्टी ने बनायी दूरी

दिल्ली में विपक्षी दलों के इंडिया ब्लॉक की बैठक हो रही है। इसमें स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) और चुनाव आयोग के भीतर सामने आए मतभेदों पर चर्चा होगी।

नई दिल्ली : दिल्ली में विपक्षी दलों के इंडिया ब्लॉक की बैठक हो रही है। इसमें स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) और चुनाव आयोग के भीतर सामने आए मतभेदों पर चर्चा होगी। बैठक में कांग्रेस के राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी, राजद के तेजस्वी यादव, जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला, लेफ्ट के नेता दीपांकर भट्टाचार्य और समाजवादी पार्टी के नेता सहित 19 दल के नेता कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया पहुंच चुके हैं। वहीं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव बैठक में शामिल नहीं होंगे। उनकी जगह पार्टी के अन्य नेता बैठक में पहुंचे हैं। इस बैठक में आम आदमी पार्टी व डीमके की ओर से कोई नेता शामिल नहीं होगा।  आप पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दोहराया है कि पार्टी पहले ही खुद को इस ब्लॉक से अलग कर चुकी है।

INDIA ब्लॉक की बैठक में 19 दल शामिल

INDIA ब्लॉक की बैठक शुरू होने के साथ कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि बैठक में कांग्रेस (INC), समाजवादी पार्टी (SP), तृणमूल कांग्रेस (AITC), NCP (SP), शिवसेना (UBT), RJD, CPM, CPI, जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस (JKNC), PDP, JMM, CPI-ML, IUML, KC (M), MDMK, VCK, RSP, KC (J) और AIFB समेत कई दल शामिल हैं।

संसद में CEC के खिलाफ प्रस्ताव लाने पर चर्चा संभव

इंडिया ब्लॉक की पिछले तीन सालों के दौरान यह 8वीं बैठक हो रही है। वहीं, इस साल की दूसरी बैठक होगी। इससे पहले आठ जून को एसआईआर और चुनाव आयोग की स्वतंत्रता के मुद्दे पर विपक्षी दलों की बैठक हुई थी। हालांकि, इसमें आप और डीएमके शामिल नहीं हुई थी। बैठक में एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग के भीतर सामने आए मतभेदों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही सीईसी ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर आगे की रणनीति पर भी बात हो सकती है। कुछ रिपोर्टों के मुताबिक, बैठक में संसद में उनके खिलाफ प्रस्ताव लाने और विपक्षी दलों की संयुक्त कार्रवाई पर भी चर्चा हो सकती है।