पीएम के सलाहकार तरुण कपूर ने किया मूनीडीह CBM परियोजना का निरीक्षण, अक्टूबर 2027 से गैस बिक्री की तैयारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सलाहकार तरुण कपूर अपने दो दिवसीय धनबाद दौरे के दौरान सोमवार को पूटकी स्थित मूनीडीह पहुंचे। यहां उन्होंने कोल बेड मीथेन यानी CBM ब्लॉक-1 परियोजना का निरीक्षण किया।

धनबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सलाहकार तरुण कपूर अपने दो दिवसीय धनबाद दौरे के दौरान सोमवार को पूटकी स्थित मूनीडीह पहुंचे। यहां उन्होंने कोल बेड मीथेन यानी CBM ब्लॉक-1 परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल, वेस्ट झरिया क्षेत्र के महाप्रबंधक विजय कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। तरुण कपूर ने परियोजना की तकनीकी व्यवस्थाओं और गैस उत्पादन से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने बीसीसीएल सीएमडी के साथ डोली के माध्यम से खदान के अंदर जाकर वहां चल रहे कार्यों का जायजा लिया।

मूनीडीह पहुंचने के बाद पीएम के सलाहकार तरुण कपूर ने सबसे पहले CBM परियोजना के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें परियोजना की तकनीकी व्यवस्था, गैस उत्पादन और भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद तरुण कपूर बीसीसीएल सीएमडी मनोज अग्रवाल के साथ डोली के माध्यम से खदान के अंदर गए और वहां चल रहे कार्यों को करीब से देखा। निरीक्षण के दौरान परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने गैस उत्पादन की मौजूदा स्थिति और आने वाले समय की योजनाओं से उन्हें अवगत कराया।

पत्रकारों से बातचीत में तरुण कपूर ने बताया कि कोल बेड मीथेन गैस का इस्तेमाल भविष्य में CNG और घरेलू गैस के तौर पर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पहले इस क्षेत्र का काम पेट्रोलियम विभाग के अंतर्गत आता था, लेकिन अब इससे जुड़े कार्यों को कोल इंडिया स्वयं देखेगी। तरुण कपूर के मुताबिक, मूनीडीह से निकलने वाली गैस की बिक्री अक्टूबर 2027 से शुरू करने की योजना है। गैस की बिक्री बीसीसीएल करेगी और बाद में इसे गेल अथॉरिटी को सौंपे जाने की बात कही गई है। उन्होंने बताया कि गैस को ऊर्जा गंगा पाइपलाइन के माध्यम से आगे पहुंचाया जाएगा। मूनीडीह CBM परियोजना का यह निरीक्षण धनबाद के कोयला क्षेत्र में गैस उत्पादन की संभावनाओं और परियोजना के भविष्य के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट