राज्य के सात जिलों में सितंबर के पहले सप्ताह में लगेगा नियोजन मेला, युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर
बिहार के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की ओर से सितंबर के पहले सप्ताह में राज्य के सात जिलों में नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला-2026 का आयोजन किया जाएगा।

पटना: बिहार के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की ओर से सितंबर के पहले सप्ताह में राज्य के सात जिलों में नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला-2026 का आयोजन किया जाएगा। निदेशालय नियोजन एवं प्रशिक्षण की पहल पर आयोजित होने वाले इन मेलों में तकनीकी एवं गैर-तकनीकी क्षेत्र में योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को विभिन्न निजी क्षेत्र की कंपनियों में रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही, युवाओं को उनके कौशल और योग्यता के अनुरूप रोजगार एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के स्तर से एक करोड़ रोजगार एवं नौकरी देने की घोषणा की है। इसके मद्देनजर ही विभाग के स्तर से लगातार रोजगार मेला लगाकर नौकरी देने के प्रयास किए जा रहे हैं। ताकि इस लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।
विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार एक सितंबर को जमुई और किशनगंज, दो सितंबर को मधेपुरा, तीन सितंबर को लखीसराय और पूर्णिया तथा पांच सितंबर को मुंगेर और सहरसा में जिला स्तरीय नियोजन मेले का आयोजन होगा। सभी स्थानों पर मेला सुबह 10:30 बजे से शाम चार बजे तक चलेगा। विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक योग्य युवाओं को रोजगार के अवसर से जोड़ना है। जमुई में नियोजन मेला संयुक्त श्रम भवन, सोनो, जबकि किशनगंज में मारवाड़ी कॉलेज मैदान में आयोजित होगा। मधेपुरा में संयुक्त श्रम भवन, निकट डीआरसीसी, लखीसराय में केआरके प्लस-टू हाई स्कूल तथा पूर्णिया में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज को आयोजन स्थल बनाया गया है। इसी तरह मुंगेर में पोलो मैदान, किला परिसर और सहरसा में जिला स्कूल परिसर में नियोजन मेला लगाया जाएगा।
नियोजन मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को detjob.bihar.gov.in पर पंजीकरण कराना आवश्यक होगा। हालांकि, विभाग की ओर से आयोजन स्थल पर भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मेले में भाग लेने वाले नियोजकों के लिए भी इसी पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य किया गया है। अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता एवं कौशल के अनुरूप उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त कर मौके पर संबंधित नियोजकों से संपर्क कर सकेंगे। नियोजन मेले से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए विभाग की ओर से टोल फ्री नंबर 18002965656 जारी किया गया है। अभ्यर्थी इस नंबर पर संपर्क कर नियोजन मेले, पंजीकरण और रोजगार से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। विभाग ने युवाओं से अपील किया है कि वे निर्धारित तिथि से पहले पंजीकरण पूरा कर मेले में भाग लें और उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठाएं।










