चंदनकियारी प्रखंड के बिजुलिया में विद्युत सबस्टेशन स्थापित करने की मांग को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को चास स्थित बिजली विभाग कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा की ओर से पहले धरना-प्रदर्शन की अनुमति मांगी गई थी, लेकिन प्रशासन की ओर से अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और बिजली विभाग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
मौके पर पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि धरना की अनुमति नहीं देने के पीछे प्रशासन ने एसआईआर का हवाला देते हुए सड़क पर यातायात बाधित होने की आशंका जताई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब हाल में झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चास प्रखंड कार्यालय के सामने सड़क पर धरना दिया था, तो उन्हें अनुमति कैसे मिली।
अमर बाउरी ने आरोप लगाया कि सरकारी अधिकारी और कर्मचारी झारखंड मुक्ति मोर्चा के इशारे पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज जनता को आंदोलन से रोका जा रहा है, लेकिन 2029 के चुनाव में यही सरकार जनता के बीच वोट मांगने जाएगी और उस समय जनता इसका जवाब देगी।
उन्होंने तेलीडीह टांड़ में एसबीआई कर्मचारी मुकेश कुमार सिंह की बिजली के तार की चपेट में आने से हुई मौत का मुद्दा भी उठाया और इसके लिए बिजली विभाग की जवाबदेही तय करने की मांग की।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट