तेजस्वी यादव के साथ आए चिराग पासवान, कहा-हम लोगों को शर्म के मारे डूब मरना चाहिए..मांझी क्या बोले?
बिहार में लगातार लड़कियों के साथ बदसलूकी और छेड़खानी की घटनाएं बढ़ती जा रही है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सम्राट सरकार पर तीखा प्रहार किया है। वहीं चिराग पासवान ने भी युवतियों से छेड़छाड़ की घटनाओं पर चिंता जताई है।

बिहार में लगातार लड़कियों के साथ बदसलूकी और छेड़खानी की घटनाएं बढ़ती जा रही है। आए दिन लड़कियों के साथ अभद्र व्यवहार, मारपीट और छेड़खानी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जमुई, समस्तीपुर के बाद अब बांका में नाबालिग लड़की के साथ शोषण, अभद्र व्यवहार और मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है। जिसको लेकर सियासत तेज है। विपक्ष कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल खड़े कर रहा है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सम्राट सरकार पर तीखा प्रहार किया है और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा है कि बिहार में कानून व्यवस्था मृतप्राय हो गई है। वहीं चिराग पासवान ने भी युवतियों से छेड़छाड़ की घटनाओं पर चिंता जताई है और कहा है कि केवल गिरफ्तारी और एनकाउंटर से ऐसी घटनाएं नहीं रुकेंगी।
चिराग पासवान ने युवतियों से छेड़छाड़ की घटनाओं पर चिंता जताई है। जमुई, मुजफ्फरपुर और बांका में युवतियों से छेड़छाड़ की घटनाओं को लेकर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा हम लोगों के रहते इस तरीके की घटना हो रही है, हम लोगों को शर्म के मारे डूब मरना चाहिए। चिराग पासवान ने कहा कि युवतियों के साथ एक के बाद एक घटनाएं होना चिंताजनक और शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि जवाबदेही से भागा नहीं जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि केवल गिरफ्तारी और एनकाउंटर से ऐसी घटनाएं नहीं रुकेंगी। अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए उन अधिकारियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जानी चाहिए, जिनके क्षेत्र में ऐसी बड़ी घटनाएं हो रही हैं।
इससे पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सम्राट सरकार पर हमला बोलते हुए कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है-जमुई,समस्तीपुर के बाद अब “बांका” के ऐतिहासिक पर्यटन स्थल मंदार पर्वत पर नाबालिग लड़की के साथ शोषण, अभद्र व्यवहार और मारपीट का वीडियो वायरल! बिहार में कानून व्यवस्था मृतप्राय:!
मनोनीत कठपुतली मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने अनाड़ीपन, बड़बोलेपन, अपरिपक्वता, अधीरता, व्याकुलता तथा पुलिस कार्य प्रणाली में ग़ैर जरूरी हस्तक्षेप से बिहार में न्याय और सभ्य समाज की नींव को प्रतिदिन खोखला कर रहे है।
मुख्यमंत्री पर गंभीर आरोप लगाते हुए तेजस्वी यादव आगे लिखते हैं-अपराधियों की जातीय पहचान देख न्याय और सजा की प्राथमिकता तय करने वाले अनैतिक कुकृत्यों के संरक्षक एवं 7 हत्याओं के आरोपी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जवाब दें कि नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म व दुर्व्यवहार करने वाले दरिंदों की सामाजिक पृष्ठभूमि देख ही न्याय क्यों? बांका के इन दरिंदों को कब पकड़ा जाएगा? क्या इनकी भी Reel और जाति देख “सातवीं फेल जाति विशेषज्ञ” मुख्यमंत्री प्रतिक्रिया देंगे?
वहीं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा है-बिहार के समस्तीपुर में युवती के साथ छेड़छाड़ की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं शर्मनाक है। ऐसी घटनाएं सभ्य समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। वैसे किसी को ज़्यादा व्याकुल होने की आवश्यकता नहीं, महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से हमारी सरकार किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। सबका इलाज होगा, हां अब हमारी सरकार इलाज होम्योपैथिक दवा से नहीं करती बल्कि एलोपैथी वाला ईलाज होता है। वह भी ऑपरेशन करके।










