‘हर घर तिरंगा’ अभियान: जीपीओ में ‘वंदे मातरम् संगीत कैंपेन’ एवं प्रभात फेरी का आयोजन

डाक निदेशालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार देशभर में आयोजित किए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत बिहार परिमंडल में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को लेकर कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

डाक निदेशालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार देशभर में आयोजित किए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत बिहार परिमंडल में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को पटना जीपीओ में ‘वंदे मातरम् संगीत कैंपेन’ का आयोजन उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य डाकपाल, पटना जीपीओ राजदेव प्रसाद तथा उप मुख्य डाकपाल (प्रशासन) विनय कुमार दुबे सहित डाक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का आयोजन पटना जीपीओ के ऐतिहासिक एवं प्रतिष्ठित भवन के समक्ष किया गया। निर्धारित ‘वंदे मातरम्’ गीत के साथ कर्मचारियों द्वारा सामूहिक रूप से लिप-सिंक एवं प्रस्तुति दी गई। विभागीय कर्मचारियों ने निर्धारित वेशभूषा एवं पहचान-पत्र के साथ सहभागिता की तथा प्रतिभागियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। इस अवसर पर जीपीओ के ऐतिहासिक भवन की पृष्ठभूमि में आयोजित कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम स्थल पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष सेल्फी प्वाइंट/फोटो फ्रेम भी स्थापित किया गया, जिसके माध्यम से कर्मचारियों एवं आगंतुकों ने अभियान के प्रति अपनी सहभागिता प्रदर्शित की।

‘वंदे मातरम् संगीत कैंपेन’ के पश्चात डाक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में डाक विभाग के कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर अनुशासित एवं व्यवस्थित रूप से भाग लिया। प्रभात फेरी के दौरान देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए आम नागरिकों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। प्रभात फेरी के दौरान प्रतिभागियों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं सम्मान का विशेष ध्यान रखा गया। विभिन्न मार्गों से गुजरती प्रभात फेरी ने वातावरण में देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम का भाव उत्पन्न किया।

डाक विभाग द्वारा इस अभियान के माध्यम से आमजन से अपील की जा रही है कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता एवं सम्मान व्यक्त करें।