रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्रेह का पावन पर्व है, जो दूरियों को रिश्तों की गर्माहट के सामने छोटा बना देता है। आज लाखों भारतीय शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय और अन्य कारणों से देश-विदेश में रह रहे हैं। लेकिन दूरियाँ चाहे कितनी भी बढ़ जाएँ, एक राखी में समाया प्यार हर दूरी को मिटा देता है। राखी केवल धागा नहीं, बल्कि घर की याद, परिवार का अपनापन और बहन का आशीर्वाद लेकर अपने भाई तक पहुँचती है। इसी अमूल्य भावना को सम्मान देते हुए इंडिया पोस्ट इस रक्षाबंधन पर आपके प्रेम, आशीर्वाद और स्नेह देश के हर कोने और विश्व के अनेक देशों तक सुरक्षित, समयबद्ध और विश्वसनीय तरीके से पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इंडिया पोस्ट वर्षों से देशवासियों की भावनाओं को सुरक्षित रूप से उनके प्रियजनों तक पहुँचाने का माध्यम रहा है। इस रक्षाबंधन पर भी हमारा संकल्प है कि हर बहन की राखी समय पर, सुरक्षित और पूरे सम्मान के साथ उसके भाई तक पहुँचे- चाहे वह देश के किसी भी राज्य में हो या विदेश में।
इस अवसर पर मुख्य डाकमहाध्यक्ष बिहार शशि शालिनी कुजूर ने कहा कि राखी केवल रंगीन धागा नहीं, बल्कि बहन की दुआ, भाई का विश्वास, बचपन की यादें और अनगिनत भावनाओं का अमूल्य उपहार है और इंडिया पोस्ट उन भावनाओं को अपनों तक पहुँचाने का विश्वसनीय माध्यम है। चाहे आपका भाई देश के किसी अन्य राज्य में हो या हजारों किलोमीटर दूर किसी विदेशी धरती पर, इंडिया पोस्ट का विशाल नेटवर्क आपकी राखी को उसी प्यार और जिम्मेदारी के साथ पहुँचाता है, जैसे कोई अपना संदेश लेकर जा रहा हो।
आज दुनिया के अनेक देशों में भारतीय रहते हैं। ऐसे में इंडिया पोस्ट की अंतरराष्ट्रीय डाक सेवा बहनों को यह विश्वास देती है कि उनका स्नेह केवल भारत तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विश्व के विभिन्न देशों में रह रहे उनके भाइयों तक भी सुरक्षित और सम्मानपूर्वक पहुँचेगा। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर राखी की बुकिंग पर डाक शुल्क में 10% की विशेष छूट भी प्रदान की जा रही है। साथ ही सुविधा के लिए डाकघरों में न्यूनतम मूल्य पर आकर्षक राखी लिफाफे उपलब्ध कराए गए हैं। यह सेवा सभी डाकघरों में उपलब्ध है।