सासाराम। रोहतास जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग 319 पर शुक्रवार की सुबह एक सड़क हादसे में 13 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना कोचस थाना क्षेत्र के महात्मा गांधी चौक के समीप की है, जहां मृतक की पहचान हरनाथपुर गांव निवासी रामानंद यादव के 13 वर्षीय पुत्र पंकज कुमार के रूप में हुई है।
ट्रक ने बाइक में मारी टक्कर
घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि मृतक किशोर अपने गांव से कोचस बाजार आ रहा था, तभी महात्मा गांधी चौक के समीप एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि किशोर की घटनास्थल पर हीं मौत हो गई। इधर हादसे की सूचना मिलते हीं परिवार में कोहराम मच गया और माता-पिता का रो रो कर बुरा हाल है।
विरोध में राष्ट्रीय राजमार्ग जाम
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना से नाराज लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 319 को जाम कर दिया और प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग करने लगे। बता दें कि सड़क जाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात लगभग दो घंटे तक पूरी तरह बाधित रहा और और पुलिस को सड़क खाली कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
स्थानीय प्रशासन पर अव्यवस्था का आरोप
वहीं प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय प्रशासन पर अव्यवस्था का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि महात्मा गांधी चौक पर लंबे समय से अतिक्रमण कर दुकानें लगाई जाती हैं और सड़क किनारे आटो व ई-रिक्शा आदि खड़े रहने से सड़क संकरी हो जाती है। इस अव्यवस्था से आए दिन दुर्घटना होती रहती है, लेकिन प्रशासन इसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करता।
जांच में जुटी पुलिस
वहीं हादसे की सूचना पर पहुंची कोचस थाने की पुलिस ने सड़क को खाली करने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया। मामले में कोचस अपर थानाध्यक्ष बबलू कुमार ने बताया कि घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक फरार हो चुका है और पुलिस ने दोनों वाहनों को जप्त कर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट