पटना: राजधानी से बडी खबर है। यहां आर्थिक अपराध ईकाई ने एक और वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की है। ईकाई द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार दरभंगा के विभूतिपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी आनंद कुमार विभूति के खिलाफ बडी कार्रवाई की गयी है। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में की गयी है।
इओयू द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार दरभंगा के विभूतिपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी आनंद कुमार विभूति के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध ईकाई द्वारा विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए पूर्वी चंपारण, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और पटना में डीएसपी लेवल के पदाधिकारियों के नेतृत्व में कार्रवाई की गयी। ईकाई द्वारा जानकारी दी गयी है कि आनंद कुमार विभूति के खिलाफ उनके ज्ञात आय के वैध स्त्रोत से 1,71,84,000/-रू (एक करोड़ एकहतर लाख चौरासी हजार)/-रूपये आय से अधिक सम्पति अर्जन करने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य पाया गया है, जो उनके ज्ञात आय से लगभग 121.87 प्रतिशत अधिक है।
इस क्रम में मंगलवार की सुबह आनंद कुमार विभूति के साकिन-लालबेगिया, थाना-चिरैया, जिला-पूर्वी चम्पारण स्थित पैतृक आवास, फ्लैट संख्या-305, साई विहार अपार्टमेंट, आशोपुर, थाना-दानापुर, पटना, बहादूरपुर(दरभंगा) स्थित कार्यालय कक्ष, बहादुरपुर(दरभंगा) स्थित सरकारी आवास एवं मुहल्ला-सरस्वती नगर, रोड नंबर-01, थाना- अहियापुर, जिला मुजफ्फरपुर स्थित निजी आवास सहित कुल पांच ठिकानों पर अलग-अलग टीम द्वारा तलाशी कार्यवाई प्रारम्भ की गई है। जानकारी दी गयी है कि इस पूरे मामले की विस्तृत सूचना तलाशी की कार्यवाई सम्पन्न होने के उपरान्त दी जायेगी।