भूमि विवाद का खूनी अंजाम, युवक के नाक पर चाकू से हमला

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jul 03, 2026, 9:51:00 AM

राज्य के नवादा जिले से हैरान करने वाली खबर है। यहां पहले से चल रहे भूमि विवाद में एक युवक की नाक पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना में युवक की नाक पर गहरा जख्म आया है। अब पुलिस पूरे मामले की पडताल में लगी हुई है।

मिली खबर के अनुसार नवादा जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र के तुंगीचक गांव में गुरुवार की शाम भूमि विवाद को लेकर हुए विवाद के दौरान चाकूबाजी की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज हिसुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। जानकारी के अनुसार, तुंगीचक गांव में जमीन की नापी के बाद दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुरुवार को जब मंगलदीप कुमार अपनी जमीन पर खुदाई कर रहे थे, तभी दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर चाकू से हमला कर दिया गया।

घायल के भाई एवं पूर्व समिति सदस्य जलेश चौधरी ने आरोप लगाया कि गुड्डू कुमार, जो शिव कुमार चौधरी के पुत्र हैं। उसी ने मंगलदीप कुमार पर चाकू से हमला किया। परिजनों का कहना है कि हमले में मंगलदीप की नाक पर गंभीर चोट लगी, जिसके बाद उन्हें तत्काल हिसुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने हिसुआ थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस पूरे मामले में हिसुआ थाना अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

नवादा से अमरजीत की रिेपोर्ट