जहानाबाद : रतनी फरीदपुर प्रखंड के लखापुर पंचायत में उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय के भवन निर्माण की मांग को लेकर सोमवार को 50 से अधिक ग्रामीण जिला पदाधिकारी कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी से मुलाकात कर विद्यालय के लिए भवन निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग रखी। इस दौरान ग्रामीणों ने विद्यालय भवन के लिए उपलब्ध जमीन से संबंधित आवेदन भी सौंपा।
ग्रामीणों ने कहा- लखापुर पंचायत मुख्यालय में उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय संचालित है
ग्रामीणों ने बताया कि लखापुर पंचायत मुख्यालय में उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय संचालित है, लेकिन विद्यालय का अपना भवन नहीं होने के कारण वर्तमान में इसे उत्क्रमित मध्य विद्यालय लखापुर के भवन में ही संचालित किया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय से उत्तर दिशा में करीब चार एकड़ 14 डिसमिल गैरमजरुआ जमीन उपलब्ध है, जो लखापुर मौजा में ही स्थित है। इसी जमीन पर विद्यालय भवन का निर्माण कराने की मांग की जा रही है।
अंचल अधिकारी को जमीन की जांच कर विद्यालय भवन निर्माण के लिए NOC जारी करने का निर्देश दिया जाए
ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी से आग्रह किया कि संबंधित अंचल अधिकारी को जमीन की जांच कर विद्यालय भवन निर्माण के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी करने का निर्देश दिया जाए, ताकि भवन निर्माण से संबंधित कागजी प्रक्रिया आगे बढ़ सके। ग्रामीणों के अनुसार, जिला पदाधिकारी ने उनकी मांग पर सकारात्मक पहल करते हुए मामले को आगे की कार्रवाई के लिए बढ़ाया है और भूमि की जांच कर एनओसी जारी करने की दिशा में कार्रवाई का निर्देश दिया है।
यह भी पढ़े :
बक्सर में छात्राओं के साथ घृणित कृत्य मामला: शिक्षकों पर गिर गई गाज, बर्खास्त
जमीन की जांच और NOC की प्रक्रिया जल्द पूरी होने से भवन निर्माण का रास्ता साफ होगा - ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि लखापुर में उच्च माध्यमिक विद्यालय का अपना भवन बन जाने से लखापुर सहित आसपास के कई गांवों के विद्यार्थियों को काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि जमीन की जांच और एनओसी की प्रक्रिया जल्द पूरी होने से भवन निर्माण का रास्ता साफ होगा। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए अंचल स्तर से भी प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कराने की मांग की, ताकि विद्यालय भवन का निर्माण जल्द धरातल पर हो सके।
जहानाबाद से वरुण की रिपोर्ट