महावीरी जुलूस के दौरान अवैध असलहा बरामद, दो देसी कट्टा, जिंदा कारतूस के साथ एक गिरफ्तार

जिले क़े मीरगंज थाना क्षेत्र के सवरजी गांव में महावीरी अखाड़ा जुलूस के दौरान अवैध हथियारों के प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया।

गोपालगंज: जिले क़े मीरगंज थाना क्षेत्र के सवरजी गांव में महावीरी अखाड़ा जुलूस के दौरान अवैध हथियारों के प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने दो देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

पुलिस को 6 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि जुलूस के दौरान अवैध हथियारों का प्रदर्शन किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष मीरगंज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम सवरजी में छापेमारी की। पुलिस टीम को देखते ही एक संदिग्ध भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मीरगंज थाना क़े सवरेजी गांव निवासी महातम मिश्रा क़े पुत्र अजय मिश्रा क़े रूप में हुई है.

कमरे से बरामद हुए हथियार..

आरोपी के घर की तलाशी लेने पर कमरे में रखी चौकी के नीचे से एक देसी कट्टा और झोले से एक अन्य देसी कट्टा व दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने हथियारों को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

खरीदा था हथियार

पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने खुलासा किया कि उसने यह अवैध हथियार और कारतूस छपरा जिले के मांझी थाना क्षेत्र स्थित छोटका मोहम्मदपुर निवासी रूप शर्मा से  सात हजार रुपये में खरीदे थे।पुलिस अब मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हथियार नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।


गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट