घाट पर हाई वोल्टेज ड्रामा, सांसद अजय मंडल की कार को जहाज पर चढ़ाने से रोका, FIR और धरना की धमकी

भागलपुर के बरारी स्थित बियाडा घाट पर देर शाम 8 बजे भागलपुर के सांसद अजय मंडल ने जमकर बवाल काटा। मामला जहाज पर उनकी कार को न चढ़ाए जाने को लेकर उपजा, जिसके बाद सांसद ने कड़ा विरोध जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराने और धरना देने की चेतावनी दे डाली।

भागलपुर के बरारी स्थित बियाडा घाट पर देर शाम 8 बजे भागलपुर के सांसद अजय मंडल ने जमकर बवाल काटा। मामला जहाज पर उनकी कार को न चढ़ाए जाने को लेकर उपजा, जिसके बाद सांसद ने कड़ा विरोध जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराने और धरना देने की चेतावनी दे डाली। इस दौरान बियाडा घाट पर करीब डेढ़ घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।

क्या था पूरा मामला?

दरअसल, सांसद अजय मंडल रात के 8:00 बजे अपनी कार के साथ जहाज पर सवार होकर नवगछिया के जाह्नवी चौक घाट जाना चाह रहे थे। उन्हें नवगछिया में एक शादी समारोह में शामिल होना था। लेकिन जहाज संचालक ने जिला प्रशासन के निर्देशों और तय समय का हवाला देते हुए गाड़ी ले जाने और जहाज खोलने से साफ इनकार कर दिया। 

ठीक उसी दौरान बियाडा घाट पर एक अन्य जहाज आकर लगा, जिस पर एक कार पहले से सवार थी। यह नजारा देखते ही सांसद अजय मंडल आगबबूला हो गए और उन्होंने जहाज संचालक को चेतावनी देते हुए इसका पुरजोर विरोध किया।

पुलिस पहुंची मौके पर, सांसद ने खुद बताई वजह

मामला बिगड़ता देख औद्योगिक प्रक्षेत्र थाने के थानाध्यक्ष सूबेदार पासवान तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद सांसद अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए उनके साथ थाने की ओर निकल पड़े। घटना को लेकर सांसद अजय मंडल ने अपनी सफाई में कहा, हमें उस पार नवगछिया में एक करीबी कार्यकर्ता के यहां भोज खाने जाना था। हमने जहाज संचालकों से बहुत आरजू-मिन्नत की, लेकिन उन्होंने जहाज नहीं खोला। जबकि नवगछिया की ओर से रात में एक जहाज आया जिस पर गाड़ी भी लदी हुई थी। 

हम अपनी गाड़ी इसलिए ले जाना चाहते थे क्योंकि हमने कई ऐसे वीडियो देखे हैं जिनमें वीआईपी लोग रात के वक्त भी बियाडा घाट से अपनी गाड़ियां जहाज पर लादकर नवगछिया ले जाते हैं। यही सोचकर हम भी गए थे, लेकिन हमें रोक दिया गया। हम तो नियम का पालन कर रहे हैं, लेकिन जहाज संचालकों ने नियम तोड़े हैं। सांसद ने आगे चेतावनी देते हुए कहा कि वे इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने जा रहे हैं। अगर इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो वे पहले जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर और फिर लोकसभा में भी धरना देंगे।

जहाज मैनेजर ने दी सफाई

दूसरी ओर, जहाज के मैनेजर मोहम्मद सरफराज अख्तर ने पूरे मामले पर सफाई देते हुए कहा, हमें हर सुबह 7:00 बजे बियाडा से सवारियों को लेकर जाह्नवी चौक घाट जाना होता है। लेकिन आज ज्यादातर जहाज जाह्नवी चौक घाट पर ही रुक गई थी, जिसके बाद हमने इस जहाज को यहां बकाया, घाट पर जो गाड़ी इस जहाज पर थी, वह हमारी ही कंपनी के लोगों की थी जो पूर्णिया से सामान लाने गए थे। हमें सूचना मिली कि सांसद अजय मंडल अपनी गाड़ी दूसरे जहाज पर ले जाना चाहते हैं, लेकिन इस जहाज पर गाड़ी देखकर वह विरोध करने लगे। हमने उन्हें बहुत समझाया, लेकिन वह मामला दर्ज कराने की जिद पर अड़े रहे। बहरहाल, अब देखना यह होगा कि सांसद की शिकायत पर प्रशासन और पुलिस क्या कुछ कार्रवाई करती है।

भागलपुर से शिवम की रिपोर्ट