सोन नदी में अवैध बालू खनन के खिलाफ छापेमारी, 23 गिरफ्तार, ड्रेजर मशीन समेत बालू लदी 4 नावें जब्त

चांदी थाना क्षेत्र के बहियारा-फरहंगपुर के पास सोन नदी में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस व खनन विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 23 लोगों को गिरफ्तार किया है।

भोजपुर : चांदी थाना क्षेत्र के बहियारा-फरहंगपुर के पास सोन नदी में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस व खनन विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 23 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान अवैध खनन में इस्तेमाल की जा रही एक ड्रेजर (डुबिया) मशीन समेत बालू लदी चार नावें जब्त की गई।

भोजपुर SP के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी और SDPO-2 सदर के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई

पुलिस के अनुसार, भोजपुर एसपी के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी और एसडीपीओ-2 सदर के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान सोन नदी में अवैध तरीके से बालू का खनन और परिवहन करते हुए 23 लोगों को पकड़ा गया। मामले में चांदी थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

NGT के आदेश के तहत 15 जून से 15 अक्टूबर तक बालू के उत्खनन पर रोक है

बताया गया कि पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिकोण से एनजीटी के आदेश के तहत 15 जून से 15 अक्टूबर तक बालू के उत्खनन पर रोक है। इसके बावजूद संगठित तरीके से सोन नदी से बालू का अवैध खनन और परिवहन किया जा रहा था। इससे सरकार को कुल 58 लाख 80 हजार 400 रुपए के राजस्व की क्षति होने की बात प्रेस ब्रीफिंग में कही गई है।

4 नाव और ड्रेजर मशीन जब्त

छापेमारी के दौरान अवैध खनन और परिवहन में प्रयुक्त एक ड्रेजर (डुबिया) मशीन के साथ बालू लदी चार नावें जब्त की गई। कार्रवाई में खान निरीक्षक अपूर्व सिंह, राहुल कुमार महतो समेत चांदी व कोईलवर के पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष और सशस्त्र बल शामिल थे। गिरफ्तार 23 आरोपितों में बड़ी संख्या सारण जिले के डोरीगंज थाना क्षेत्र के रामपुर बिंदगांवा, चकिया और सिंहघी आदि गांवों के रहने वाले हैं। इसके अलावा भोजपुर, सिवान और गोपालगंज जिले के कुछ लोग भी शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

भोजपुर से दीपक डेविड की रिपोर्ट