जल्द आ सकती है ऐपल की डिजिटल पेमेंट सर्विस

मिली खबर के अनुसार मोबाइल फोन की दिग्गज कंपनी ऐपल बहुत जल्द अपनी डिजिटल पेमेंट सर्विस को भारत में लॉन्च कर सकती है।

डिजिटल पेमेंट को लेकर पूरी दुनिया में भारत का अपना अलग स्थान है। आज नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया की मंजूरी के बाद डिजिटल पेमेंट करने वाली कई कंपनियां सर्विस दे रही हैं। अब इसी क्रम में नयी जानकारी सामने आ रही है। मिली खबर के अनुसार मोबाइल फोन की दिग्गज कंपनी ऐपल बहुत जल्द अपनी डिजिटल पेमेंट सर्विस को भारत में लॉन्च कर सकती है। 

विभिन्न मीडिया रिपोर्टस के अनुसार ऐपल की डिजिटल पेमेंट सर्विस इसी साल अक्तूबर माह में भारत में लॉन्च हो सकती है। जो जानकारी अब तक आयी है, उसके अनुसार शुरूआत में यह सर्विस Visa और Mastercard के क्रेडिट कार्ड्स को सपोर्ट करेगी। इसमें यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस के लॉन्च के समय में सपोर्ट मिलने की संभावना बहुत कम है। हालांकि यह भी जानकारी सामने आयी थी कि ऐपल पे को अपने देश में यूपीआइ सपोर्ट के साथ लाया जा सकता है। लेकिन अब यह अपडेट आ रही है कि शुरू में सिर्फ वीजा और मास्टरकार्ड के क्रेडिट कार्ड्स पर ‘ऐपल पे’ सपोर्ट करेगा और आईफोन यूजर्स एक टैप में पेमेंट कर पाएंगे।

एक अन्य जानकारी के अनुसार यूपीआइ सेवा देने के लिए ऐपल को 'नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया' (NPCI) से मंजूरी लेनी होगी और साथ ही किसी बैंक के साथ साझेदारी करनी होगी। अब तक यह खबर नहीं है कि इसके लिए एपल को स्वीकृति प्रदान की गयी है। ऐसा माना जा रहा है कि इस सेवा के शुरू होने के बाद कंपनी को भारत में प्रीमियम क्रेडिट कार्ड सेगमेंट में जगह बनाने का मौका मिल सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, ऐपल सितंबर के अंत या अक्टूबर तक ‘ऐपल पे’ को लॉन्च करने की तैयारियों में है।

एक्सपर्ट की माने तो ऐपल पे के शुरू होने से अपने देश में डिजिटल पेमेंट में और वृद्धि हो सकती है। यह सेवा आने वाले वक्त में अगर यूपीआई में लॉन्च होती है तो बड़ी संख्या में ग्राहकों को सीधे इस सुविधा का फायदा होगा और फोनपे, गूगलपे, पेटीएम जैसे ऐप्स को सीधी टक्कर मिल सकती है।