फ्लाई दुबई कांड : आतंकियों से लिंक? UAE करेगा जांच
फ्लाई दुबई के विमान में जान दांव पर लगाकर हमलावर से मुकाबला करने वाले भारतीय पायलट स्मित माछर की हालत स्थिर है। इस बीच यूएई ने जांच के आदेश दिए हैं।

दुबई : फ्लाई दुबई के विमान में जान दांव पर लगाकर हमलावर से मुकाबला करने वाले भारतीय पायलट स्मित माछर की हालत स्थिर है। इस बीच यूएई ने जांच के आदेश दिए हैं। यूएई के अटॉर्नी जनरल ने फ्लाई दुबई प्लेन की घटना की जांच के आदेश दिए हैं और यह पता लगाने को कहा है कि क्या इसका संबंध किसी आतंकवादी गतिविधि से है।
कैसी है कैप्टन स्मित माछर की स्थिति?
सऊदी में भारतीय दूतावास के मुताबिक, कैप्टन स्मित की हालत स्थिर है। उन्हें तबूक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुबई में भारत के दूतावास ने कहा कि यूएई में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल और कॉन्सल जनरल डॉ. ई विष्णु वर्धन रेड्डी ने कैप्टन स्मित माछर के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को कैप्टन की सेहत और उनके ठीक होने के बारे में जानकारी दी। साथ ही बताया कि दूतावास और कॉन्सुलेट यूएई के अधिकारियों के संपर्क में हैं और परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
जांच जारी रहने तक इजराइल आने-जाने वाली फ्लाई दुबई की उड़ानें सस्पेंड रहेंगी - फ्लाई दुबई
इस बीच फ्लाई दुबई ने कहा है कि जांच जारी रहने तक इजराइल आने-जाने वाली फ्लाई दुबई की उड़ानें सस्पेंड रहेंगी। 30 सितंबर को उड़ान FZ 1073 से जुड़ी घटना के बाद जांच जारी रहने तक इजराइल आने-जाने वाली फ्लाई दुबई की उड़ानें सस्पेंड रहेंगी। हमारे यात्रियों, क्रू और ऑपरेशन्स की सुरक्षा और भलाई हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इस अस्थायी सस्पेंशन से संबंधित अधिकारियों को अपना काम जारी रखने और घटना से जुड़ी सभी सच्चाइयों का पता लगाने में मदद मिलेगी। हम उन यात्रियों से माफी मांगते हैं जिनकी यात्रा की योजनाएं प्रभावित हुई हैं और हम जहां भी संभव हो सहायता और वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए काम कर रहे हैं।










