कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों के बीच वाराणसी में जदयू ने मनाया स्थापना दिवस
जिले के लोहता में आगामी एक नवंबर को जदयू का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। इसकी तैयारियों जोर-शोर से चल रही हैं। पार्टी के तमाम बड़े नेता और कार्यकर्ता वहां निरंतर कैंपेन करने में जुटे हुए हैं।

वाराणसी: जिले के लोहता में आगामी एक नवंबर को जदयू का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। इसकी तैयारियों जोर-शोर से चल रही हैं। पार्टी के तमाम बड़े नेता और कार्यकर्ता वहां निरंतर कैंपेन करने में जुटे हुए हैं। जदयू के यूपी संगठन प्रभारी सह सूबे के ग्रामीण विकास विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री सह जदयू विधायक दल के नेता श्री श्रवण कुमार वहां पहुंचकर तैयारी की कमान लगातार संभाल रखी है। इन तमाम व्यस्ताओं के बीच मंत्री के नेतृत्व में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मिलकर जदयू पार्टी का 23वां स्थापना दिवस मनाया। वाराणसी में जदयू के पार्टी कार्यालय में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मिलकर केक काटा।
इस मौके पर मंत्री ने कहा कि एक नवंबर को कार्यकर्ता सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में आम लोगों और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने के लिए हर स्तर पर अंतिम रूप से प्रयास करने की आवश्यकता है। अब समय नजदीक आ गया है, ऐसे में पूरी ताकत झोंक देने की जरूरत है। वाराणसी और आसपास के इलाकों में धूआंधार जनसंपर्क अभियान का सिलसिला निरंतर चल रहा है। वहां के लोग जदयू के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चलाए गए 20 वर्ष के शासनकाल के दौरान किए गए सभी विकासात्मक कार्यों और जनोन्मुखी योजनाओं को जानने के लिए काफी ललायित हैं। विकास के नीतीश मॉडल की जानकारी जदयू कार्यकर्ता आम लोगों को लगातार दे रहे हैं। इससे प्रेरित होकर बड़ी संख्या में आमजन जदयू से जुड़ना चाहते हैं। साथ ही बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत को लेकर भी लोगों में काफी क्रेज है। बड़ी संख्या में लोग उनसे जुड़ना चाहते हैं और उन्हें सुनना और देखना चाहते हैं।
इस अवसर पर जदयू यूपी के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल, शालिनी पटेल, प्रदेश महासचिव सुशील पटेल, सुशील कश्यप, कल्पनाथ वर्मा, अवधेश सिंह, अभिषेक राय, सुभाष पाठक, संजय सिंह पटेल, हरिशंकर, प्रदेश प्रवक्ता विनीत तिवारी, कार्यक्रम प्रभारी ओमप्रकाश वर्मा के अलावा भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजेश राजभर समेत अन्य प्रमुख व्यक्ति और पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे।













