उत्तर प्रदेश: अखिलेश यादव ने विधान परिषद के लिए किया प्रत्याशियों का ऐलान
उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने विधान परिषद के लिए अपने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है। पार्टी की तरफ से मिर्जापुर- वाराणसी शिक्षक स्नातक सीट से लाल बिहारी यादव उम्मीदवार होंगे।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने विधान परिषद के लिए अपने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है। पार्टी की तरफ से मिर्जापुर- वाराणसी शिक्षक स्नातक सीट से लाल बिहारी यादव उम्मीदवार होंगे। अखिलेश ने सोमवार को नाम की घोषणा की। इस मौके पर उन्होंने यह भी कहा कि अगर राज्य में सपा की सरकार बनती है तो कई वादों को पूरा किया जाएगा। अखिलेश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन नामों की घोषणा की।
उन्होंने बताया कि लखनऊ सीट से शिक्षक सुशील कुमार समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार होंगे। जबकि आगरा सीट से प्रकाश चंद्र गुप्ता पार्टी की तरफ से दावेदारी को पेश करेंगे। वहीं गोरखपुर-फैजाबाद निर्वाचन सीट से कमलेश यादव समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार होंगे। इसके अलावा मुरादाबाद से दानिश अख्तर उम्मीदवार होंगे।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यह भी जानकारी दी कि लखनऊ की स्नातक निर्वाचन सीट से कांति सिंह प्रत्याशी होंगी। इसी प्रकार उन्होंने यह भी बताया कि मेरठ से डॉ.नितिन तोमर चुनावी मैदान में उतरेंगे। स्नातक निर्वाचन चुनाव के लिए वाराणसी से आशुतोष सिन्हा, इलाहाबाद से मान सिंह यादव, आगरा से शशांक यादव, मेरठ खंड से डॉ.परमिंदर भाटी समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार होंगे। अखिलेश ने यह उम्मीद जतायी कि उनकी पार्टी के उम्मीदवारों को सबका सहयोग और समर्थन मिलेगा और उनकी पार्टी के सभी उम्मीदवारों की जीत होगी।










