राजधानी में तीरंदाजी का महाकुंभ, 330 खिलाड़ी साधेंगे लक्ष्य
बिहार में तीरंदाजी की नई प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने के उद्देश्य से राजधानी पटना में 27 सितंबर से तीन दिवसीय चौथी राजा कर्ण बिहार स्टेट तीरंदाजी चैम्पियनशिप ‘लक्ष्य’ 2026 का आयोजन किया जा रहा है।

पटना: बिहार में तीरंदाजी की नई प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने के उद्देश्य से राजधानी पटना में 27 सितंबर से तीन दिवसीय चौथी राजा कर्ण बिहार स्टेट तीरंदाजी चैम्पियनशिप ‘लक्ष्य’ 2026 का आयोजन किया जा रहा है।
इस बात की जानकारी देते हुए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि खेल विभाग और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित तीन दिवसीय इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से आए 330 तीरंदाज अपने निशाने की सटीकता और हुनर का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में 150 बालिका और 180 बालक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। अंडर-10, अंडर-13, अंडर-15, सब-जूनियर, जूनियर औरवर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
शंकरण ने कहा कि राज्य सरकार खेलों और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन को महत्वपूर्ण माध्यम बनाया गया है, ताकि बिहार के अलग-अलग हिस्सों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाया जा सके। हमारा उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं आयोजित करना नहीं, बल्कि इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभाओं की पहचान करना और उन्हें सही प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। कुशल प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में इन खिलाड़ियों को तराशकर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा,ताकि वे भविष्य में बिहार और देश के लिए पदक जीत सकें।










