UCC पर NDA में घमासान, नीतीश कुमार को RJD का खुला ऑफर, 'हमलोग मिलकर सरकार बनाएं'
समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ताजा ऐलान ने बिहार के सत्ताधारी एनडीए में घमासान मचा हुआ है। इस बीच आरजेडी की ओर से नीतीश कुमार को खुला ऑफर दिया गया है। BJP का साथ छोड़ RJD के साथ आकर सरकार बनाने की अपील की है।

समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ताजा ऐलान ने बिहार के सत्ताधारी एनडीए में घमासान मचा हुआ है। इस बीच आरजेडी की ओर से नीतीश कुमार को खुला ऑफर दिया गया है। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेहद करीबी माने जाने वाले मनेर विधायक भाई वीरेंद्र ने जेडीयू चीफ नीतीश कुमार को बड़ा ऑफर देते हुए BJP का साथ छोड़ RJD के साथ आकर सरकार बनाने की अपील की है। बिहार की सियासत में भाई वीरेंद्र के बयान से फिर हलचल तेज हो गई है। भाई वीरेंद्र ने कहा है कि असल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए बीजेपी यूसीसी का नया शिगूफा छोड़ा है।
भाई वीरेंद्र ने कहा कि बिहार ही नहीं पूरे देश में महंगाई और बेरोजगारी है। एनडीए की सरकार अपराध पर लगाम लगाने में विफल साबित हो रही है। ऐसे में लोगों को अहम मुद्दे से भटकाने के लिए यूसीसी का शिगूफा छोड़ा गया है। एनडीए की सरकार नागपुर से गाइड हो रही है लेकिन ये बिहार है, यहां नागपुर का नहीं चलेगा।
मनेर विधायक भाई वीरेंद्र ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि बिहार में तो यूसीसी लागू नहीं करने देंगे, नीतीश कुमार ने भी स्टैंड ले लिया है। नीतीश कुमार से कहेंगे कि ऐसे लोगों छोड़े और इधर आएं, हमलोग मिलकर सरकार बनाएं। नीतीश कुमार को भाई वीरेंद्र का खुला ऑफर देते हुए BJP का साथ छोड़ RJD के साथ आकर सरकार बनाने की अपील की है। भाई वीरेंद्र ने कहा कि नीतीश कुमार इधर आएं, उनको तो बर्बाद कर ही दिया, अभी और भी बर्बाद करने में लगे हुए हैं, इसलिए आइए और बीजेपी को छोड़िए।
बाढ़ पीड़ितों को 7-7 हजार रुपये देने के फैसले पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि बिहार में बाढ़ से घर, मवेशी और संपत्ति तबाह हो गए। राज्य सरकार राहत पहुंचाने में पूरी तरह विफल रही है। राजद नेता ने कहा-तेजस्वी यादव ने केंद्र से विशेष पैकेज की मांग की थी। केंद्र सरकार बिहार को विशेष पैकेज दे, ताकि राहत और पुनर्वास का काम बेहतर हो। वहीं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बिहार दौरे का भाई वीरेंद्र ने स्वागत किया और कहा कि बिहार की बाढ़ स्थिति पर केंद्रीय मंत्री पूरी नजर रखें। केंद्र से बिहार के लिए विशेष सहायता और पैकेज दिलाने की पहल करें।
बता दें कि समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ताजा ऐलान ने बिहार के सत्ताधारी एनडीए में नई हलचल पैदा कर दी है। गठबंधन के प्रमुख सहयोगी जनता दल (यूनाइटेड) और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने सावधानी भरा और असहमति वाला रुख अपनाया है। जदयू के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री श्याम रजक ने साफ कहा कि बिहार में UCC किसी भी कीमत पर लागू नहीं होगा। उन्होंने याद दिलाया कि संसद में जब UCC से संबंधित बिल आया था, तब जेडीयू ने उसका समर्थन किया था, लेकिन नीतीश कुमार ने स्पष्ट कर दिया था कि इसे बिहार में लागू नहीं होने दिया जाएगा। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पटना स्थित आवास पर जेडीयू के बड़े नेताओं का आना-जाना लगा हुआ है। इसी कड़ी में सोमवार को केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, मंत्री अशोक चौधरी समेत कई नेता नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे।










