संजय झा ने कहा- नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' का नामकरण बिहारवासियों के लिए गर्व और खुशी की बात
जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने शुक्रवार को कहा कि गंगा नदी पर बने नए पुल का नामकरण पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर किया जाना पूरे बिहार के लोगों के लिए खुशी की बात है।

पटना : जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने शुक्रवार को कहा कि गंगा नदी पर बने नए पुल का नामकरण पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर किया जाना पूरे बिहार के लोगों के लिए खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार आकर इस पुल का उद्घाटन करेंगे। यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने के साथ राज्य की कनेक्टिविटी, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगा।
संजय झा ने मीडिया से बातचीत में कहा- प्रधानमंत्री का बिहार आना और खासतौर पर पुल का उद्घाटन करना खुशी की बात है
संजय झा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री का बिहार आना और खासतौर पर पुल का उद्घाटन करना खुशी की बात है। यह पुल नीतीश कुमार के नाम पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने अपने 20 वर्षों के कार्यकाल में कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम किया है, लेकिन पुलों और आधारभूत संरचना के विकास के मामले में उनका योगदान विशेष रूप से याद किया जाएगा। इतिहास जब बिहार में हुए विकास कार्यों का मूल्यांकन करेगा तो पुल और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नीतीश कुमार का काम स्पष्ट रूप से दिखाई देगा।
अपने क्षेत्र का उदाहरण देते हुए संजय झा ने कहा- वे उत्तर बिहार से आते हैं, जो बाढ़ प्रभावित इलाका है
उन्होंने अपने क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि वे उत्तर बिहार से आते हैं, जो बाढ़ प्रभावित इलाका है। एक समय ऐसा था जब लोगों को नदी पार करने के लिए नावों का सहारा लेना पड़ता था। सीतामढ़ी, मधुबनी और दरभंगा जैसे जिलों में लोगों की आवाजाही काफी मुश्किल थी। नीतीश कुमार के कार्यकाल में बड़ी संख्या में पुलों का निर्माण हुआ, जिससे इन क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिली है। इधर, बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन ग्रीनफील्ड पुल का नामकरण ‘नीतीश सेतु’ किए जाने को लेकर 19 नवंबर को संकल्प जारी किया है।
'पटना जिले में NH-30 के कच्ची दरगाह और वैशाली जिले में NH-103 के बिदुपुर के बीच गंगा नदी पर बने इस पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री के सम्मान में 'नीतीश सेतु' रखा गया है'
विभाग के सचिव पंकज कुमार के हस्ताक्षर से जारी संकल्प के अनुसार, पटना जिले में एनएच-30 (नया एनएच-31) के कच्ची दरगाह और वैशाली जिले में एनएच-103 (नया एनएच-322) के बिदुपुर के बीच गंगा नदी पर बने इस पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान में 'नीतीश सेतु' रखा गया है। इसे बिहार गजट के विशेष अंक में प्रकाशित करने का भी आदेश दिया गया है। संकल्प में कहा गया है कि नीतीश कुमार के सतत मार्गदर्शन, नियमित समीक्षा, प्रशासनिक पहल और परियोजना को पूरा कराने की प्रतिबद्धता का इसके कार्यान्वयन में उल्लेखनीय योगदान रहा है।
संजय झा ने कहा- नीतीश कुमार के नाम पर यह पुल होना उनकी पार्टी और बिहारवासियों के लिए गर्व की बात है
इस परियोजना की कुल लंबाई लगभग 19.36 किलोमीटर है। इसमें 9.76 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और 9.60 किलोमीटर का पहुंच पथ शामिल है। इससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा और महात्मा गांधी सेतु पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार के नाम पर यह पुल होना उनकी पार्टी और बिहारवासियों के लिए गर्व की बात है। उनके नाम पर और भी कई चीजें होनी चाहिए। यह केवल उनकी प्रतिष्ठा का सवाल नहीं, बल्कि बिहार के लोगों की भावना से जुड़ा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वयं इस नामकरण का उद्घाटन किए जाने पर भी खुशी जताई।
सोर्स-आईएएनएस














