तिलक से पहले घर में सेंध, शादी की खुशियों पर लगा ग्रहण
वैशाली जिले के पातेपुर प्रखंड अंतर्गत लदहो पंचायत के वार्ड-2 स्थित रूपनपट्टी गांव में देर रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। गांव के निवासी परमानन्द सहनी के घर में घुसकर चोरों ने बेटी की शादी के लिए जुटाई गई पूंजी और सामान पर हाथ साफ कर दिया।

वैशाली : वैशाली जिले के पातेपुर प्रखंड अंतर्गत लदहो पंचायत के वार्ड-2 स्थित रूपनपट्टी गांव में देर रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। गांव के निवासी परमानन्द सहनी के घर में घुसकर चोरों ने बेटी की शादी के लिए जुटाई गई पूंजी और सामान पर हाथ साफ कर दिया।
परमानंद सहनी अपने पूरे परिवार के साथ तिलक लेकर वर पक्ष के यहां जाने वाले थे
जानकारी के अनुसार, परमानंद सहनी शुक्रवार को अपने पूरे परिवार के साथ तिलक लेकर वर पक्ष के यहां जाने वाले थे। घर में शादी और तिलक को लेकर उत्साह का माहौल था और सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं। लेकिन रात के अंधेरे का फायदा उठाकर चोर घर में दाखिल हुए और तिलक व उपहार के रूप में रखे गए लगभग तीन लाख रुपए नकद, सोने-चांदी के गहने, नए कपड़े और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
सुबह जब परिवार के लोगों को चोरी की भनक लगी, तो घर की खुशियां मातम और चिंता में बदल गईं
सुबह जब परिवार के लोगों को चोरी की भनक लगी, तो घर की खुशियां मातम और चिंता में बदल गईं। जिस तिलक की रस्म को लेकर घर में चहल-पहल थी, वहां अब अचानक आए इस संकट ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना के बाद गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और परिवार के सामने शादी की आगे की तैयारियों को लेकर बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
वैशाली से संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट














