सरकार ले सकती है बड़ा फैसला? सम्राट कैबिनेट की आज अहम बैठक, हो सकते हैं बड़े ऐलान
बिहार कैबिनेट की आज अहम बैठक होने वाली है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आज शाम 5 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में कैबिनेट की बैठक होगी।
बिहार कैबिनेट की आज अहम बैठक होने वाली है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आज शाम 5 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में कैबिनेट की बैठक होगी। इस बैठक में राज्य सरकार के सभी मंत्री शामिल होंगे। कैबिनेट बैठक में कई अहम विभागीय एजेंडों पर मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है। बैठक में विभागीय प्रस्तावों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी तथा अनेक अहम फैसले लिए जा सकते हैं। बैठक समाप्त होने के बाद शाम 6 बजे आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कैबिनेट के फैसलों की आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।
हाल के दिनों में राज्य सरकार लगातार विकास, रोजगार, शहरीकरण और जनकल्याण से जुड़े कई बड़े फैसले लेती रही है। ऐसे में यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। माना जा रहा है कि इस बैठक में भी नई घोषणाओं और योजनाओं की घोषणा हो सकती है।
इससे पहले 27 मई को आयोजित पिछली कैबिनेट बैठक में कुल 27 एजेंडों पर मुहर लगी थी। उस बैठक में सरकार ने राज्य के वर्तमान विधायकों, पूर्व विधायकों, विधानमंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों के हित में एक बड़ा और राहतभरा फैसला लिया था। कैबिनेट ने बिहार स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत इन सभी को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी थी। इस सुविधा के मिलने से अब लाभार्थियों को सूचीबद्ध अस्पतालों में इलाज के दौरान नकद भुगतान करने की मजबूरी नहीं रहेगी, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली है।
इसके अलावा, राज्य में शराबबंदी से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे के लिए मधुबनी और दरभंगा में दो नए विशेष न्यायालयों की स्थापना को भी मंजूरी दी गई है। सरकार का यह कदम न्याय प्रक्रिया को तेज करने की दिशा में एक अहम प्रयास माना जा रहा है। वहीं सम्राट सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में राज्य के शहरी विकास को नई दिशा देने वाला बड़ा फैसला भी लिया गया था। सरकार ने बिहार में 11 आधुनिक सेटेलाइट टाउनशिप विकसित करने की योजना को मंजूरी दी थी। जिसको लेकर सीएम सम्राट चौधरी लगातार समीक्षा बैठक कर रहे हैं।