SC से बाहुबली आनंद मोहन को बड़ा झटका, रिहाई का आदेश रद्द, एक महीने के अंदर सरेंडर करने का दिया आदेश
पूर्व भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी जी कृष्णय्या हत्याकांड में बिहार के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद आनंद मोहन की रिहाई का आदेश सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को रद्द कर दिया।

नई दिल्ली : पूर्व भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी जी कृष्णय्या हत्याकांड में बिहार के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद आनंद मोहन की रिहाई का आदेश सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को रद्द कर दिया। अदालत ने एक महीने में सरेंडर करने का आदेश दिया है। साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने पब्लिक सर्वेंट की हत्या के दोषी को प्रीमैच्योर रिलीज के योग्य ठहराने वाली बिहार सरकार की नीति को गलत ठहराया।
साल 1994 में गोपालगंज के जिलाधिकारी जी कृष्णैया की भीड़ ने हत्या कर दी थी
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि बिना उचित कारण के 2023 में रिहाई नीति बदली गई। साल 1994 में गोपालगंज के जिलाधिकारी जी कृष्णैया की भीड़ ने हत्या कर दी थी। इसी मामले में आनंद मोहन को दोषी ठहराया गया था। कोर्ट ने कहा कि 2023 में किया गया वह संशोधन जिसके तहत समय से पहले रिहाई दी गई थी, बिना किसी स्पष्ट उद्देश्य या नेक नीयत के लिया गया एक अचानक बदलाव है। राज्य सरकार कोई तर्कसंगत और वैध सार्वजनिक उद्देश्य साबित करने में विफल रही है, इसलिए यह फैसला संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन माना जाता है।
SC ने कहा- सजा में छूट देने के मामलों में संविधान के अनुच्छेद-21 को एकतरफा गारंटी के रूप में नहीं देखा जा सकता
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सजा में छूट देने के मामलों में संविधान के अनुच्छेद-21 को एकतरफा गारंटी के रूप में नहीं देखा जा सकता. यह सुरक्षा केवल उस दोषी के लिए नहीं है जिसने जेल में काफी लंबा समय बिताया हो और जो रिहा होने पर समाज में फिर से घुल-मिल जाने की क्षमता रखता हो।
अनुच्छेद-21 जीवन और स्वतंत्रता की सबसे व्यापक व्याख्या करता है
वहीं अनुच्छेद-21 जीवन और स्वतंत्रता की सबसे व्यापक व्याख्या करता है। इसमें पीड़ित के अधिकारों के साथ-साथ, यदि पीड़ित अब जीवित नहीं है, तो उसके परिवार के अधिकारों को भी शामिल किया गया है। एक गरिमापूर्ण और भयमुक्त जीवन सुनिश्चित करने के लिए, पीड़ित और दोषी दोनों के अधिकारों के बीच संतुलन बनाना जरूरी है। ऐसा नहीं होना चाहिए कि एक पक्ष के अधिकार पूरी तरह से दब जाएं।














