IRCTC घोटाला : लालू परिवार को हाई कोर्ट से बड़ा झटका, आरोप तय करने का आदेश बरकरार
दिल्ली हाईकोर्ट ने आईआरसीटीसी घोटाले से जुड़े मामले में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो व पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव की याचिकाएं खारिज कर दी हैं।

नई दिल्ली : दिल्ली हाईकोर्ट ने आईआरसीटीसी घोटाले से जुड़े मामले में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो व पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव की याचिकाएं खारिज कर दी हैं। अदालत ने ट्रायल कोर्ट द्वारा आरोप तय करने के आदेश को बरकरार रखा है, जिससे मुकदमे की सुनवाई आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है। हाईकोर्ट ने लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव की उन याचिकाओं को नामंजूर कर दिया, जिनमें आरोप तय करने के आदेश को चुनौती दी गई थी।
13 अक्टूबर 2025 को राउज एवेन्यू की स्पेशल कोर्ट ने लालू परिवार समेत कुल 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए थे
गौरतलब है कि 13 अक्टूबर 2025 को राउज एवेन्यू की स्पेशल कोर्ट ने लालू परिवार समेत कुल 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए थे। सभी आरोपियों पर धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के आरोप लगाए गए थे। इसके अलावा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत भी आरोप तय किए गए थे। सीबीआई का आरोप है कि रेलवे के रांची और पुरी स्थित होटलों के टेंडर और जमीन के सौदों में गड़बड़ी हुई थी। अब रॉउज एवन्यू कोर्ट में इस मामले की सुनवाई आगे जारी रहेगी।
तेजस्वी-राबड़ी देवी समेत 9 लोगों पर आरोप तय
इससे पहले, दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट ने आईआरसीटीसी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में लालू यादव, तेजस्वी यादव, राबड़ी देवी, सरला गुप्ता, लारा प्रोजेक्ट्स और सुजाता होटल समेत नौ आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए थे। कोर्ट ने पीसी गुप्ता, विजय कोचर और विनय कोचर के खिलाफ भी आरोप तय करने का आदेश दिया। वहीं, मामले में सात आरोपियों को बरी कर दिया गया। अदालत ने कहा कि पटना में ट्रांसफर की गई जमीन अपराध से अर्जित संपत्ति है। आरोप तय करते हुए कोर्ट ने टिप्पणी की कि लारा प्रोजेक्ट्स को जिस तरह फायदा पहुंचाया गया, उससे लालू यादव की भूमिका पर संदेह पैदा होता है। कोर्ट के मुताबिक, रेलवे अधिकारियों ने लालू यादव के कहने पर रांची और पुरी के होटलों के पट्टे देने की प्रक्रिया में निविदा से जुड़ी गड़बड़ियां की थीं।
अदालत ने कहा- प्रथम दृष्टया जांच राजनीति से प्रभावित नहीं लगती व मामले में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे सुनवाई जरूरी है
अदालत ने यह भी कहा कि प्रथम दृष्टया जांच राजनीति से प्रभावित नहीं लगती और मामले में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे सुनवाई जरूरी है। कोर्ट ने गौरव गुप्ता, नाथ मल काकरानिया, राहुल यादव, विजय त्रिपाठी, देवकी नंदन तुल्स्यान, राजीव कुमार रेलन और एम/एस अभिषेक फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड को आरोपों से बरी कर दिया है। सभी आरोपियों को आगे की सुनवाई के लिए पेश होने का निर्देश दिया गया।















