'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत' पर भाषण प्रतियोगिता, हिमांशी प्रथम, मांडवी द्वितीय
मेरा युवा भारत (माय भारत) के तत्वावधान में बुधवार को महिला महाविद्यालय, समस्तीपुर में 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत' विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

समस्तीपुर : मेरा युवा भारत (माय भारत) के तत्वावधान में बुधवार को महिला महाविद्यालय, समस्तीपुर में 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत' विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त (DDC) सूर्य प्रताप सिंह, महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. राजेश कुमार रंजन एवं अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता माय भारत की जिला युवा अधिकारी भावना गोयल ने की।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से सैकड़ों युवक-युवतियों ने प्रतिभागी के रूप में हिस्सा लिया
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से सैकड़ों युवक-युवतियों ने प्रतिभागी के रूप में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने नशे के दुष्परिणामों, युवाओं के स्वास्थ्य एवं भविष्य पर इसके नकारात्मक प्रभाव तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति आज समाज के सामने एक गंभीर चुनौती है। यह न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि परिवार, सामाजिक व्यवस्था और देश की विकास प्रक्रिया पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए युवाओं का स्वस्थ, जागरूक, शिक्षित और नशामुक्त होना आवश्यक है।
प्रतियोगिता में हिमांशी ने प्रथम, मांडवी ने द्वितीय व नेहा और श्रुति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया
प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए गठित निर्णायक मंडल में डॉ. विजय कुमार गुप्ता एवं डॉ. रिंकी कुमारी, विभागाध्यक्ष, अर्थशास्त्र, महिला महाविद्यालय, समस्तीपुर; श्री अशोक कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, समस्तीपुर; राजेश कुमार सुमन, पर्यावरण संरक्षक एवं ऑक्सीजन मैन, समस्तीपुर तथा नीरजेश कुमार, डीपीओ, नमामि गंगे, समस्तीपुर शामिल थे। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के विषय ज्ञान, विचारों की स्पष्टता, प्रस्तुतीकरण एवं अभिव्यक्ति के आधार पर मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में हिमांशी ने प्रथम, मांडवी ने द्वितीय और नेहा भारती और श्रुति मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई, कार्यक्रम का संचालन पप्पू कुमार ने किया
विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम का संचालन पप्पू कुमार ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने युवाओं से नशे से दूर रहने, अपने परिवार एवं समाज में जागरूकता फैलाने तथा स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।
समस्तीपुर से संतोष कुमार ठाकुर की रिपोर्ट















