कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा- UP की जनता परिवर्तन चाहती है, मजबूत विकल्प पेश करेगा INDIA ब्लॉक
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। इस बैठक में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भी हिस्सा लिया।

नई दिल्ली : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। इस बैठक में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भी हिस्सा लिया। इसके अलावा, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद, वरिष्ठ नेता राजेंद्र पाल गौतम के साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' मौजूद रहे।
UP कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर गहन चर्चा हुई - कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे
इस बैठक को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर गहन चर्चा हुई। उत्तर प्रदेश के आने वाले चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देंगे। प्रदेश की जनता परिवर्तन की ओर देख रही है और सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत होते देखना चाहती है।
खड़गे ने कहा- मुझे पूरा विश्वास है कि कांग्रेस पार्टी, INDIA गठबंधन के साथ मिलकर UP की जनता के सामने एक मजबूत विकल्प प्रस्तुत करेगी
उन्होंने आगे लिखा कि मुझे पूरा विश्वास है कि कांग्रेस पार्टी, इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता के सामने एक मजबूत विकल्प प्रस्तुत करेगी। बैठक में हिस्सा लेने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि बैठक सफलतापूर्वक खत्म हो गई है। इस बैठक की अध्यक्षता मल्लिकार्जुन खड़गे ने की। वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल, अजय माकन और प्रियंका गांधी भी मौजूद रहे।
हमलोग दिसंबर के पहले सप्ताह से हाई स्पीड कैंपेन की शुरुआत कर रहे हैं - कांग्रेस
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूरे अभियान को लेकर चर्चा हुई। हम लोग दिसंबर के पहले सप्ताह से हाई स्पीड कैंपेन की शुरुआत कर रहे हैं। हमारा संगठन निचले स्तर तक काफी मजबूत है। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई है। उन्होंने सीट शेयरिंग के विषय पर कहा कि बैठक होनी है। इसके बाद ही सीट शेयरिंग का फॉर्मूला बताया जाएगा।
इमरान मसूद ने कहा- बैठक हुई है और आगामी चुनाव को लेकर चर्चा हुई, हम लोगों ने चुनाव अभियान की रणनीति तैयार की है
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि बैठक हुई है और आगामी चुनाव को लेकर चर्चा हुई। हम लोगों ने चुनाव अभियान की रणनीति तैयार की है। दिसंबर माह के पहले सप्ताह से हम लोग पूरी तरह से चुनावी मोड में उतर जाएंगे। सीट शेयरिंग के फॉर्मूले को लेकर उन्होंने कहा कि आज सीटों को लेकर बैठक नहीं थी, और न ही इस पर चर्चा हुई। यह संगठन की बैठक थी। कितनी सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी, जब इस बारे में इमरान मसूद से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि सवाल कितनी सीटों का नहीं है, सवाल हमारी जीत का है कि हम सब मिलकर जीत दर्ज करेंगे।
सोर्स-आईएएनएस













