'छात्रों को पीटा जाता है, सही बात नहीं है', अनंत सिंह बोले-निशांत होंगे बिहार के सबसे अच्छे मुख्यमंत्री
प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर बाहुबली नेता और विधायक अनंत सिंह ने नाराजगी जाहिर की है। अनंत सिंह ने साफ कहा कि छात्रों की मांग पूरी करनी है या नहीं, यह सरकार का फैसला हो सकता है, लेकिन छात्रों को इस तरह पीटना सही नहीं है।

बिहार की राजधानी पटना में प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच नोंकझोंक देखने को मिली। मंगलवार को ऑल बिहार स्टूडेंट यूनियन (ABSU) के छात्र CM हाउस का घेराव करने निकले थे, इसी दौरान पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर बाहुबली नेता और विधायक अनंत सिंह ने नाराजगी जाहिर की है। अनंत सिंह ने साफ कहा कि छात्रों की मांग पूरी करनी है या नहीं, यह सरकार और प्रशासन का फैसला हो सकता है, लेकिन छात्रों को इस तरह पीटना सही नहीं है।
पटना में पत्रकारों ने जब अनंत सिंह से छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि आप मांग पूरी कीजिए या नहीं पूरी कीजिए, यह अलग बात है, लेकिन जिस तरह से छात्रों को पीटा जाता है, वह सही बात नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि छात्रों की मांग को सुनकर सरकार अपनी मर्जी से फैसला कर सकती है, लेकिन छात्रों को मारने का कोई नियम नहीं है।
वहीं पटना से वारसलीगंज रवाना होने के दौरान जेडीयू के मोकामा विधायक अनंत सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया और उनके राज्य का सबसे बेहतर मुख्यमंत्री होने का दावा किया। वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से हाल में हुई अपनी मुलाकात को लेकर अनंत सिंह ने कहा कि यह केवल शिष्टाचार मुलाकात थी। इसका कोई राजनीतिक विशेष कारण नहीं था।
साथ ही नीतीश कुमार से मुलाकात पर अनंत सिंह ने कहा- क्या सिर्फ उस समय नीतीश कुमार से मिलने जाएंगे, जब वह मुख्यमंत्री रहेंगे? क्या मुख्यमंत्री नहीं रहने पर उनसे मुलाकात नहीं की जा सकती? वहीं मुंगेर के सांसद ललन सिंह से हुई मुलाकात को लेकर भी अनंत सिंह से सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि ललन सिंह से उनकी कोई खास बातचीत नहीं हुई। यह सिर्फ एक औपचारिक मुलाकात थी।










