समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का बुधवार की सुबह निधन हो गया है। उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया था, जहां अस्पताल के निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता ने उनके मृत होने की पुष्टि की। प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के छोटे बेटे थे। वे अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे। उनकी पत्नी अपर्णा यादव दिल्ली से लखनऊ पहुंच चुकी हैं. अपर्णा यादव बीजेपी नेता हैं। प्रतीक के निधन पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट कर दुख जताया। अखिलेश यादव सिविल हॉस्पिटल भी पहुंचे हैं।
प्रतीक यादव को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। सिविल अस्पताल के डॉक्टर ने जानकारी दी कि सुबह 6.00 बजे प्रतीक यादव को अस्पताल लाया गया।उस समय उनकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टर्स ने उनकी जांच की और उन्हें डेड डिक्लेयर किया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस आई और बॉडी को अपने कब्जे में लिया, पंचनामा किया और फिर पोस्टमार्टम के लिए KGMU मोर्चुरी भेज दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार प्रतीक यादव को लंग्स की समस्या थी। प्रतीक लंबे समय से फेफड़े की बीमारी का सामना कर रहे थे। उनके लंग्स में क्लॉट था और मेदांता में उनका इलाज चल रहा था। सुबह में जब हालात बिगड़े, तब प्रतीक यादव रिएक्ट नहीं कर रहे थे, जिसके बाद परिजनों ने तुरंत सिविल अस्पताल से संपर्क किया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रतीक यादव के निधन पर दुख प्रकट करते हुए यादव परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने भगवान राम से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को शाश्वत शांति प्राप्त हो और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति मिले।
राजनीति से दूर प्रतीक यादव अपने व्यवासायिक जीवन में व्यस्त रहते थे। लखनऊ में उनके अपने जिम हैं साथ ही खुद फिटनेस ट्रेनर भी थे। उनका राजनीति से कोई नाता नहीं रहा।अपने परिवार की राजनीतिक बैकग्राउंड से दूर, प्रतीक यादव रियल एस्टेट और फिटनेस एंटरप्रेन्योरशिप के सेक्टर में काम करते थे। उन्होंने यूनाइटेड किंगडम के लंदन स्थित लीड्स यूनिवर्सिटी से MBA किया था। प्रतीक यादव फिटनेस फ्रीक थे. लखनऊ में उनके जिम का बिजनेस भी है। उन्हें जिम करने और फिट रहने का बहुत ज्यादा था।