भाई दूज भाई-बहन के प्यार भरे रिश्ते की मिठास और आत्मीयता का प्रतीक: PM मोदी-गृह मंत्री, CM सम्राट समेत अन्य नेताओं ने दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और जी किशन रेड्डी समेत कई नेताओं ने भाई-बहन को समर्पित 'भैया दूज' की शुभकामनाएं दी हैं।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और जी किशन रेड्डी समेत कई नेताओं ने भाई-बहन को समर्पित 'भैया दूज' की शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को भाई दूज की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह पावन पर्व भाई-बहन के स्नेहपूर्ण और प्रगाढ़ रिश्ते की मिठास और आत्मीयता का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "देशभर के मेरे परिवारजनों को भाई दूज की हार्दिक शुभकामनाएं। यह पावन पर्व भाई-बहन के स्नेहपूर्ण व प्रगाढ़ रिश्ते की मिठास और आत्मीयता का प्रतीक है। इस शुभ अवसर पर मैं सभी की प्रसन्नता और संपन्नता की कामना करता हूं।
बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा-भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और आत्मीयता के प्रतीक पावन पर्व भाई दूज की आप सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि भाई-बहन का यह अनमोल रिश्ता सदैव प्रेम, स्नेह और खुशियों से परिपूर्ण रहे।
गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पोस्ट में कहा, "समस्त देशवासियों को भाई दूज की हार्दिक शुभकामनाएं। भाई-बहन के पवित्र स्नेह का यह पर्व आप सबके जीवन में खुशियां और उमंग लेकर आए।"
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक्स पर पोस्ट किया, "भाई-बहन के स्नेह, समर्पण और अटूट विश्वास के पवित्र रिश्ते को समर्पित पर्व 'भैया दूज' की हार्दिक शुभकामनाएं। हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति एवं पारिवारिक परंपराओं का प्रतीक यह पावन पर्व हर घर-आंगन में प्रेम, आत्मीयता, उल्लास और खुशहाली का संचार करे।"
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी देशवासियों को भाई दूज की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने पोस्ट किया, "भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और अनमोल रिश्ते को समर्पित पर्व भाई दूज की हार्दिक शुभकामनाएं। भाई दूज का त्योहार हमें परिवार के रिश्तों की आत्मीयता और एक-दूसरे के प्रति स्नेह, सम्मान व जिम्मेदारी के भाव का स्मरण कराता है। ईश्वर से प्रार्थना है कि हर भाई-बहन का रिश्ता प्रेम और विश्वास से सदैव मजबूत बना रहे और उनके जीवन में सुख, स्वास्थ्य, खुशहाली व समृद्धि का संचार हो।"
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने लिखा, "भाई-बहन के पवित्र बंधन और प्रेम के प्रतीक भाई दूज के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं।"
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक्स पर लिखा, "सभी को भाई-दूज की हार्दिक और आनंदमयी शुभकामनाएं! भाई-बहन के बीच का यह सुंदर बंधन प्यार, स्नेह और साथ के साथ हमेशा फलता-फूलता रहे।"
कोयला और खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने एक्स पोस्ट में कहा, "सभी देशवासियों को भाई दूज की हार्दिक शुभकामनाएं। भाई-बहन का रिश्ता स्नेह, विश्वास और परस्पर सम्मान का प्रतीक है। भाई दूज के पावन अवसर पर सभी के जीवन में सुख और खुशहाली बनी रहे।"
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक्स पर पोस्ट किया, "भारत और विदेशों में रहने वाले पंजाबियों को 'भाई दूज' के त्योहार पर हार्दिक शुभकामनाएं। यह त्योहार भाई-बहन के बीच अटूट प्रेम और पवित्र बंधन का प्रतीक है। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि भाई-बहन का यह पवित्र बंधन हमेशा आपसी स्नेह के साथ मधुर और मजबूत बना रहे। सभी के घर हमेशा खुशियों, समृद्धि और हंसी-खुशी से भरे रहें।
राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने एक्स पर लिखा, "भाई-बहन के अटूट स्नेह व विश्वास के प्रतीक पावन पर्व ‘भैया दूज’ की समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि एवं खुशहाली लेकर आए तथा पारिवारिक रिश्तों में प्रेम, विश्वास एवं अपनत्व की भावना को प्रगाढ़ बनाए।"
अभिनेता और सांसद अरुण गोविल ने एक्स पर पोस्ट किया, "भाई-बहन के स्नेह, प्रेम और अटूट विश्वास के प्रतीक पावन पर्व भैया दूज की समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रभु श्रीराम की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा भाई-बहन का पवित्र रिश्ता सदैव प्रेम और विश्वास से परिपूर्ण रहे।"
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "एक ऐसी चिरंतन परंपरा का उत्सव, जो भाई-बहनों के बीच के स्नेह, विश्वास और जीवन भर के साथ का सम्मान करती है। भाई दूज या भाई फोटा के अवसर पर, ईश्वर का आशीर्वाद सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए। इस पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं।"
बता दें कि भाई दूज, विक्रम संवत और शालिवाहन शक कैलेंडर के आठवें महीने, कार्तिक के शुक्ल पक्ष की दूसरी तिथि को मनाया जाता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, कार्तिक शुक्ल द्वितीया के दिन देवी यमुना ने अपने भाई यमराज को अपने घर भोजन के लिए आमंत्रित किया था। तब से, इस दिन को 'भाई दूज' के रूप में मनाया जाता है। माना जाता है कि इस दिन सभी जीव नरक के कष्टों से मुक्त हुए और उन्हें सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिला।
सोर्स-आईएएनएस













