मुंबई से गिरफ्तार टॉप माओवादी संजय गोदराम भेजा गया जेल, रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी
बिहार के मोस्ट वांटेड माओवादी कमांडर संजय यादव उर्फ संजय गोदराम को पलामू पुलिस ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मुंबई से गिरफ्तारी के बाद चार दिनों की ट्रांजिट रिमांड पर पलामू लाए गए संजय गोदराम को कोर्ट में पेश किया गया।

पलामू : बिहार के मोस्ट वांटेड माओवादी कमांडर संजय यादव उर्फ संजय गोदराम को पलामू पुलिस ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मुंबई से गिरफ्तारी के बाद चार दिनों की ट्रांजिट रिमांड पर पलामू लाए गए संजय गोदराम को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इधर, पुलिस ने उससे विस्तृत पूछताछ के लिए न्यायालय से रिमांड की मांग की है।
संजय गोदराम पर झारखंड और बिहार में 63 से अधिक बड़े नक्सली हमलों में शामिल होने का आरोप है
संजय गोदराम पर झारखंड और बिहार में 63 से अधिक बड़े नक्सली हमलों में शामिल होने का आरोप है। वह माओवादी संगठन में जोनल कमांडर के पद पर सक्रिय था। झारखंड सरकार ने उस पर 10 लाख रुपए, जबकि बिहार सरकार ने तीन लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। वह पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के देवगन गांव का निवासी है और वर्ष 2011 से नक्सली संगठन में सक्रिय था। पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि फिलहाल संजय गोदराम को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, ताकि संगठन की गतिविधियों और अन्य नक्सलियों के संबंध में अहम जानकारियां हासिल की जा सकें।
निशानदेही पर जंगलों में सर्च अभियान, एसएलआर समेत गोलियां बरामद
संजय गोदराम से मिली जानकारी और उसकी निशानदेही पर पलामू सहित झारखंड-बिहार के सीमावर्ती इलाकों में पुलिस का सर्च अभियान जारी है। अभियान के दौरान हुसैनाबाद के महूदंड जंगल स्थित प्रतापपुर इलाके से एक एसएलआर राइफल और 200 से अधिक गोलियां बरामद की गई हैं। बताया जाता है कि माओवादियों ने हथियार और गोला-बारूद जंगल में छिपाकर रखे थे। संजय माओवादी दस्ते में एसएलआर लेकर चलता था। संगठन के हथियारों और गोला-बारूद के ठिकानों की उसे महत्वपूर्ण जानकारी थी। वर्ष 2011 से वह झारखंड और बिहार पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। वर्ष 2014-15 में पहली बार उस पर इनाम घोषित किया गया था। बाद में वर्ष 2018 में इनाम की राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपए कर दी गई थी।
मुठभेड़ के बाद दस्ता छोड़कर मुंबई भाग गया था संजय
जानकारी के अनुसार, मई 2025 में पुलिस और सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ के बाद संजय गोदराम माओवादी दस्ता छोड़कर फरार हो गया था। इस मुठभेड़ में माओवादी एरिया कमांडर तुलसी भुइयां मारा गया था। बताया जाता है कि गोतिया के साथ जमीन विवाद के बाद संजय माओवादी संगठन में शामिल हुआ था। दस्ते में टॉप कमांडर नितेश यादव के साथ उसका विवाद हो गया था। इसी बीच जंगल में जब दस्ता सो रहा था, तब वह मौका पाकर फरार हो गया। इसके बाद वह मुंबई चला गया। वहां शुरुआत में उसने एक धागा फैक्ट्री में काम किया, लेकिन नौकरी छूटने के बाद एक व्यक्ति के घर में रहकर दूध दुहने का काम करने लगा। इसी दौरान छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मुंबई पहुंची और उसे गिरफ्तार कर पलामू ले आई।
IPS दिव्यांश शुक्ला के नेतृत्व में चला सर्च अभियान
संजय गोदराम की निशानदेही पर आईपीएस दिव्यांश शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस ने विशेष सर्च अभियान चलाया। अभियान के दौरान हुसैनाबाद के महूदंड स्थित प्रतापपुर इलाके से एसएलआर और गोलियां बरामद की गईं। यह क्षेत्र लंबे समय से माओवादियों का सुरक्षित ठिकाना माना जाता रहा है। जंगल में छिपाकर रखे गए हथियारों की लगातार तलाशी के बाद बरामदगी हुई। फिलहाल इलाके में सर्च अभियान जारी है।
अब पुलिस के निशाने पर 15 लाख का इनामी नितेश यादव
संजय गोदराम की गिरफ्तारी को झारखंड पुलिस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को संगठन की गतिविधियों से जुड़ी कई अहम जानकारियां दी हैं। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर अब पुलिस ने 15 लाख रुपए के इनामी नितेश यादव और 10 लाख रुपए के इनामी मनोहर गंझू के खिलाफ अभियान तेज करने की तैयारी की है। नितेश यादव पर झारखंड और बिहार में 70 से अधिक बड़े नक्सली हमलों में शामिल होने का आरोप है। फिलहाल उसे झारखंड-बिहार में माओवादी संगठन का प्रमुख चेहरा माना जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि संजय गोदराम से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर चल रहे अभियान से माओवादी संगठन के नेटवर्क को कमजोर करने में मदद मिलेगी।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट













