मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से गोड्डा के दिव्यांग छात्र मो. फैजानुल्लाह ने की मुलाकात
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज झारखंड विधानसभा में गोड्डा के दिव्यांग छात्र मो. फैजानुल्लाह ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री को उन्होंने अवगत कराया कि वे सेरेब्रल पॉलिसी से प्रभावित हैं और दांतों से पेन पकड़कर पढ़ाई व परीक्षा देते हैं।

रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज झारखंड विधानसभा में गोड्डा के दिव्यांग छात्र मो. फैजानुल्लाह ने मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को उन्होंने अवगत कराया कि वे सेरेब्रल पॉलिसी से प्रभावित हैं और दांतों से पेन पकड़कर (मुंह से लिखकर) पढ़ाई व परीक्षा देते हैं। झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) की मैट्रिक परीक्षा-2026 में मुंह से लिखकर उन्होंने 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की है। मो. फैजानुल्लाह का नामांकन यूएचइस शिवाजीनगर गोड्डा में रहा है।
मुख्यमंत्री ने दिव्यांग छात्र मो. फैजानुल्लाह के शिक्षा के प्रति जज्बा व दृढ़इच्छाशक्ति की सराहना करते हुए अपनी ओर से उन्हें उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी
मौके पर मुख्यमंत्री हेमंट सोरेन ने दिव्यांग छात्र मो. फैजानुल्लाह के शिक्षा के प्रति जज्बा एवं दृढ़इच्छाशक्ति की सराहना करते हुए अपनी ओर से उन्हें उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी व उनका हौसला बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्य सरकार की ओर से हरसंभव मदद किए जाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि मो. फैजानुल्लाह की यह उपलब्धि न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश में समावेशी शिक्षा, दृढ़ इच्छाशक्ति एवं दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा का एक प्रेरणादायक उदाहरण है। मौके पर राज्य सरकार के कई मंत्रीगण एवं विधायकगण भी उपस्थित थे।
मो. फैजानुल्लाह की शिक्षा झारखंड सरकार की समावेशी शिक्षा व्यवस्था के अंतर्गत HBE के माध्यम से संचालित हुई
उल्लेखनीय है कि दिव्यांग मो. फैजानुल्लाह की शिक्षा झारखंड सरकार की समावेशी शिक्षा व्यवस्था के अंतर्गत Home-Based Education (HBE) के माध्यम से संचालित हुई। दिव्यांग होने के बावजूद अपने दृढ़ संकल्प, मेहनत तथा समावेशी शिक्षा के सहयोग से जैक द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा में 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर एक असाधारण उपलब्धि हासिल की है।
रांची से सुजीत कुमार की रिपोर्ट















