रांची में भीषण सड़क हादसा! कृषि विभाग के निदेशक की गाड़ी क्षतिग्रस्त
रांची में भीषण सड़क हादसा! कृषि विभाग के निदेशक की गाड़ी क्षतिग्रस्त
राजधानी के डोरंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत डिबडीह पुल के समीप सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जब चार वाहन आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में झारखंड कृषि विभाग के निदेशक की सरकारी गाड़ी भी शामिल थी। राहत की बात यह रही कि निदेशक को कोई गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा, हालांकि वाहन चला रहे चालक को मामूली चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुल के पास अचानक वाहनों का संतुलन बिगड़ने से टक्कर का सिलसिला शुरू हुआ और देखते ही देखते चार वाहन एक-दूसरे से भिड़ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई वाहनों के आगे और पीछे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही डोरंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन में मौजूद कृषि विभाग के निदेशक को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं घायल चालक को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
हादसे के कारण डिबडीह पुल पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। पुलिस ने क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया गया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक स्तर पर यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा किसी वाहन द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से हुआ या फिर तेज रफ्तार इसके पीछे की वजह थी।
Trending News