सूखे नशे पर पुलिस का बडा प्रहार, 86 किलो गांजा बरामद, तस्कर गिरफ्तार
राज्य के पूर्वी चंपारण में पुलिस ने सूखे नशे के धंधेबाजों पर बडा प्रहार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार कार्रवाई करते हुए गांजे के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब गिरफ्तार शख्स से पूछताछ में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार जिले की जितना थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना मिलने के बाद छापेमारी की। इस दौरान घर के भूसा कोठार से गांजे के पांच बंडल बरामद किया गया। मिली खबर के अनुसार पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर जितना थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 86 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
जितना थानाध्यक्ष सुधीर कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गांजा की डिलीवरी देने के लिए बनकटवा स्थित बोधी माई मंदिर के समीप आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 15 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी की। घर के परिसर में भूसा रखने वाले कोठार में छिपाकर रखे गए गांजे के पांच बंडल बरामद किए गए। जब्त गांजे का कुल वजन करीब 86 किलोग्राम पाया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पचू राय (40 वर्ष), पिता- देवचंद्र राय, निवासी थाना लखौरा, जिला पूर्वी चंपारण के रूप में हुई है। बरामद गांजा को दंडाधिकारी की मौजूदगी में विधिवत जब्त कर लिया गया है।
आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है। गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। एसपी स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया जा रहा है।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट
Trending News