झारखंड में एक्टिव हुआ मानसून, अगले 5 दिन तेज़ बारिश और वज्रपात की आशंका

झारखंड में एक्टिव हुआ मानसून, अगले 5 दिन तेज़ बारिश और वज्रपात की आशंका

झारखंड में एक्टिव हुआ मानसून, अगले 5 दिन तेज़ बारिश और वज्रपात की आशंका
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Jun 29, 2026, 11:15:00 AM

झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे प्रभावी होता जा रहा है और आने वाले दिनों में इसका असर राज्य के अधिकांश हिस्सों में देखने को मिलेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले पांच दिनों तक कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में मेघगर्जन, तेज हवाएं और वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, वर्षा की गतिविधियां बढ़ने से प्रदेश में चल रही उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान में लगभग तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक कमी दर्ज की जा सकती है, जिससे मौसम अपेक्षाकृत सुहावना हो जाएगा।विभाग का अनुमान है कि 30 जून और 1 जुलाई को मानसूनी गतिविधियां अधिक सक्रिय रहेंगी। इसके बाद 2 जुलाई तक राज्य के अधिकांश इलाकों में बादल छाए रहने, रुक-रुककर बारिश होने और कुछ स्थानों पर तेज वर्षा दर्ज किए जाने की संभावना बनी हुई है।

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास रुकने से बचें। विशेष रूप से किसानों, ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों और खुले स्थानों पर कार्यरत श्रमिकों से मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।

गौरतलब है कि पिछले दो दिनों के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो चुकी है। ऐसे में विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।