CID मुख्यालय पहुंचे पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते, मीडिया के सवालों पर साधी चुप्पी

14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही सीआईडी (CID) की कार्रवाई अब और तेज होती नजर आ रही है। इसी क्रम में झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एल. खियांग्ते मंगलवार को पूछताछ के लिए सीआईडी मुख्यालय पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, एल. खियांग्ते ओला कैब की स्विफ्ट डिजायर कार से सीआईडी कार्यालय पहुंचे। उनके पहुंचते ही वहां मौजूद मीडिया कर्मियों ने परीक्षा से जुड़े विवाद और जांच को लेकर उनसे प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने किसी भी प्रश्न का उत्तर देने से परहेज किया और सीधे कार्यालय के भीतर चले गए।
गौरतलब है कि 14वीं जेपीएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की जांच सीआईडी द्वारा की जा रही है। इसी जांच के सिलसिले में पूर्व आयोग अध्यक्ष को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। ऐसे में उनका सीआईडी मुख्यालय पहुंचना इस पूरे मामले में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।











